scorecardresearch
 

गर्मी से तपने लगे बिजलीघरों के ट्रांसफॉर्मर, ठंडा करने के लिए लगाए गए कूलर

भीषण गर्मी का असर अब बिजली व्यवस्था पर भी साफ दिखाई देने लगा है. तापमान बढ़ने के साथ बिजली की खपत में तेजी आई है, जिससे बिजलीघरों के उपकरणों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है. हालात को देखते हुए विभाग ने बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से बचाने के लिए नए इंतजाम शुरू किए हैं, ताकि लोगों को गर्मी के बीच बिजली संकट का सामना न करना पड़े.

Advertisement
X
गर्मी से तपने लगे बिजलीघरों के ट्रांसफॉर्मर (Photo: itg)
गर्मी से तपने लगे बिजलीघरों के ट्रांसफॉर्मर (Photo: itg)

देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब बिजली व्यवस्था पर भी पड़ने लगा है. उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने के बाद बिजलीघरों में लगे ट्रांसफॉर्मरों पर अतिरिक्त दबाव देखा जा रहा है. लगातार बढ़ती गर्मी और बिजली की बढ़ती मांग के चलते उपकरणों के ओवरहीट होने की आशंका बढ़ गई है. ऐसे में बिजली विभाग ने ट्रांसफॉर्मरों को ठंडा रखने के लिए उनके सामने कूलर लगाए हैं.

बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, तापमान बढ़ने के साथ बिजली खपत में भी तेजी आई है. ऐसे में ट्रांसफॉर्मरों पर सामान्य दिनों की तुलना में अधिक लोड पड़ रहा है. अत्यधिक गर्म होने की स्थिति में ट्रांसफॉर्मर ट्रिप कर सकते हैं, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा बना रहता है.

इसी समस्या से निपटने के लिए विभाग ने सब-स्टेशनों पर विशेष व्यवस्था शुरू की है. ट्रांसफॉर्मरों को ठंडा रखने के उद्देश्य से उनके सामने कूलर लगाए गए हैं, ताकि उपकरणों का तापमान नियंत्रित रखा जा सके. इसकी कुछ तस्वीरे भी सामने आई हैं. विभाग का मानना है कि इससे ट्रांसफॉर्मरों के गर्म होने की समस्या कम होगी और तकनीकी फॉल्ट की संभावना भी घटेगी.

अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली सप्लाई उपलब्ध कराना है. साथ ही बिजली व्यवस्था पर बढ़ते दबाव को संतुलित रखने की भी कोशिश की जा रही है. उधर, भीषण गर्मी का असर आम जनजीवन पर भी दिखाई दे रहा है. दोपहर के समय लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे चुनौतियां और बढ़ सकती हैं.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement