scorecardresearch
 

हापुड़: वनस्पति और रिफाइंड ऑयल से बन रही थी मिलावटी क्रीम, 5 क्विंटल माल नष्ट

हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कुचेसर चौपला स्थित क्रीम फैक्ट्री पर छापेमारी कर वनस्पति, रिफाइंड ऑयल, एसएमपी और दही से बनाई जा रही 500 किलो मिलावटी क्रीम नष्ट कराई. 1.10 लाख रुपये मूल्य की इस दूषित क्रीम को नष्ट कराकर यूनिट बंद कर दी गई है और सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं.

Advertisement
X
हापुड़ में मिलावटी क्रीम नष्ट कराई गई (Photo- ITG)
हापुड़ में मिलावटी क्रीम नष्ट कराई गई (Photo- ITG)

यूपी के हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने देर रात एक अवैध क्रीम निर्माण फैक्ट्री पर छापा मारा. विभाग ने मौके से करीब 500 किलो मिलावटी क्रीम नष्ट कराई है, जिसकी कीमत 1.10 लाख रुपये बताई जा रही है. 

दरअसल, बीते दिन सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा चंद्रशेखर मिश्रा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हापुड़ के शेखपुर कुचेसर चौपला स्थित जय नागर की क्रीम निर्माण इकाई पर देर रात औचक छापेमारी की. आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई. 

टीम ने इकाई से मिलावटी क्रीम के तीन नमूने जांच के लिए लेकर प्रयोगशाला भेजे हैं और 500 किलो दूषित क्रीम मौके पर नष्ट कर दी. वनस्पति, रिफाइंड ऑयल, स्किम्ड मिल्क पाउडर और दही मिलाकर बड़े पैमाने पर खतरनाक तरीके से नकली क्रीम तैयार की जा रही थी.

वनस्पति और रिफाइंड ऑयल से बन रही थी क्रीम

जांच के दौरान टीम ने पाया कि इस अवैध इकाई में दूध की जगह वनस्पति, रिफाइंड ऑयल, स्किम्ड मिल्क पाउडर (एसएमपी) और दही का इस्तेमाल करके नकली क्रीम बनाई जा रही थी. स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले इस अवैध कारोबार की सूचना मिलने पर विभाग ने तुरंत कड़ा कदम उठाया और यूनिट का संचालन पूरी तरह से बंद करा दिया.

Advertisement

छतनौरा गांव में भी की गई ताबड़तोड़ जांच

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज और खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहित, सहरिश सादात व विपिन सहित अन्य अधिकारियों की टीम ने इसके बाद छतनौरा गांव का भी दौरा किया. टीम ने वहां पहलवान डेयरी से दूध का एक नमूना लिया. इसके अलावा अमित डेयरी से भी दूध, क्रीम और पनीर के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए.

नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई

सहायक आयुक्त चंद्रशेखर मिश्रा ने बताया कि सभी जगहों से लिए गए नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. त्योहारी सीजन के मद्देनजर विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement