scorecardresearch
 

एक महीने बाद घर लौटी बेटी को मां ने खिलाया जहर, फिर युवक पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस ने खोला राज

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में युवती की संदिग्ध मौत का मामला ऑनर किलिंग निकला है. पुलिस के मुताबिक सामाजिक बदनामी के डर से मां ने अपनी बेटी के खाने में कीटनाशक मिलाकर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद उसने गांव के एक युवक पर झूठा आरोप लगाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जांच में पूरी सच्चाई सामने आ गई.

Advertisement
X
सर्विलांस ने खोली ऑनर किलिंग की पूरी कहानी.(Photo: Vinay Kumar Singh/ITG)
सर्विलांस ने खोली ऑनर किलिंग की पूरी कहानी.(Photo: Vinay Kumar Singh/ITG)

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवती की संदिग्ध मौत की जांच में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए इसे ऑनर किलिंग बताया है. पुलिस के मुताबिक, सामाजिक बदनामी के डर से मां ने अपनी ही बेटी के खाने में कीटनाशक मिलाकर उसकी हत्या कर दी. इतना ही नहीं, वारदात के बाद उसने गांव के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की. 

दरअसल, यह मामला गाजीपुर के भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के घटारो गांव का है. 21 जून को युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी. शुरुआती शिकायत के आधार पर मामला आत्महत्या के लिए उकसाने का माना गया, लेकिन पुलिस जांच में पूरी कहानी बदल गई. पुलिस ने आरोपी मां पुष्पा देवी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है. मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है.

पहले युवक पर लगाया आरोप, फिर जांच में सामने आई सच्चाई

पुलिस के अनुसार, 22 जून को मृतका की मां पुष्पा देवी ने गांव के एक युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि युवक ने उनकी बेटी मुस्कान को आत्महत्या के लिए उकसाया, जिसके बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. लेकिन जांच आगे बढ़ने पर कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिन्होंने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया.

Advertisement

सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका घटना से एक-दो दिन पहले नोएडा से अपने घर लौटी थी. वहां वह उसी युवक के साथ रह रही थी, जिसके खिलाफ बाद में उसकी मां ने शिकायत दर्ज कराई थी.

सामाजिक बदनामी के डर में रची हत्या की साजिश

जांच में यह भी सामने आया कि युवती पहले भी कई बार घर छोड़कर जा चुकी थी. पुलिस के मुताबिक बेटी की गतिविधियों से उसकी मां नाराज थी और सामाजिक बदनामी का डर उसे लगातार परेशान कर रहा था.

पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन आरोपी मां ने घर में रखे कीटनाशक को बेटी के भोजन में मिला दिया. खाना खाने के कुछ ही समय बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

गाजीपुर

वारदात के बाद खुद को बचाने के लिए आरोपी मां ने गांव के युवक पर झूठा आरोप लगाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, ताकि हत्या का शक किसी और पर चला जाए.

SP सिटी बोले- पूछताछ में मां ने कबूला अपराध

SP सिटी राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के दौरान यह स्पष्ट हो गया कि युवती की मां ने ही उसकी हत्या की थी. जांच में सामने आया कि बदनामी के डर और बेटी की गतिविधियों से नाराज होकर उसने खाने में कीटनाशक मिलाया था.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी मां ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया.

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही सभी साक्ष्यों को अदालत में पेश करने की तैयारी भी की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement