scorecardresearch
 

“मैंने उसे मार डाला...” पत्नी की हत्या के बाद खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंचा 80 वर्षीय पति

गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र के रावली कला गांव में 80 वर्षीय हरपाल ने अपनी 72 वर्षीय पत्नी उर्मिला की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी.वारदात के बाद वह खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर खुद पुलिस चौकी पहुंच गया और जुर्म कबूल कर लिया.

Advertisement
X
72 वर्षीय उर्मिला, जिनकी उनके पति ने हत्या कर दी. (File Photo: Mayank Gaur/ITG)
72 वर्षीय उर्मिला, जिनकी उनके पति ने हत्या कर दी. (File Photo: Mayank Gaur/ITG)

गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र के रावली कला गांव में शनिवार सुबह एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने इंसानी रिश्तों को झकझोर कर रख दिया. 80 वर्षीय बुजुर्ग ने अपनी 72 वर्षीय पत्नी की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी और फिर खुद खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर पुलिस चौकी पहुंच गया. आरोपी ने पुलिस के सामने हत्या की बात कबूल करते हुए कहा— “मैंने अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी से काट दिया है.”

घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है. रावली पुलिस चौकी पर पहुंचे बुजुर्ग हरपाल की बात सुनते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत रावली कला गांव स्थित मकान पर पहुंची, जहां आरोपी अपनी बेटी के घर रह रहा था. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर के अंदर का दृश्य बेहद भयावह था. चारपाई पर 72 वर्षीय उर्मिला खून से लथपथ पड़ी थीं. उनके सिर और कान के पास कुल्हाड़ी से कई वार किए गए थे.

पुलिस ने घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मामले में मृतका के नाती कुणाल ने बताया कि उसके माता-पिता किसी काम से मेरठ गए हुए थे. रात में वह और उसका भाई कमरे के अंदर सो रहे थे, जबकि नाना-नानी बाहर सो रहे थे. कुणाल के अनुसार हरपाल की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था.

Advertisement

मानसिक अस्थिरता के चलते आरोपी ने हत्या की वारदात को दिया अंजाम
आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद और मानसिक अस्थिरता के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया. वहीं मृतका की बेटी का कहना है कि वह एक शादी में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए थे. सुबह फोन पर उन्हें घटना की जानकारी मिली. जिसके बाद वह घर पहुंची. उसका कहना है कि माता-पिता में कई बार झगड़ा और अनबन हो जाती थी. लेकिन उन्हें कभी यह नहीं लगा कि पिता अपनी ही पत्नी की हत्या कर देंगे.

वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी. इस खौफनाक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement