यूपी में फिरोजाबाद के टूंडला क्षेत्र में हुए चाय विक्रेता तेजपाल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज वारदात के पीछे अवैध संबंधों को लेकर रंजिश सामने आई है. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी मुकेश को गिरफ्तार कर किया है.
दरअसल, दो दिन पहले जरौली कट के पास अपनी दुकान पर सो रहे चाय विक्रेता तेजपाल की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. सुबह जब लोगों ने दुकान के बाहर उसका शव देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत चार टीमें गठित कर जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच गई. गिरफ्तार मुकेश ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया. उसने बताया कि एक महिला को लेकर उसका और तेजपाल का विवाद चल रहा था.

मुकेश के मुताबिक, वह उस महिला के साथ संबंध में था और उसने उसे कई बार तेजपाल से बात करने से मना किया था. लेकिन महिला और तेजपाल के बीच बातचीत जारी रही, जिससे वह लगातार नाराज रहता था. यही नाराजगी धीरे-धीरे गुस्से में बदल गई और उसने हत्या की साजिश रच डाली.
यह भी पढ़ें: चौंकाने वाला पैटर्न: एक ही जगह, एक ही तरह का जुर्म, तेंदुआ नहीं, इंसान था कातिल... दो हत्याओं का खुलासा
घटना वाले दिन मुकेश मौके पर पहुंचा, जहां तेजपाल अपनी दुकान पर सो रहा था. इसी दौरान उसने लोहे की रॉड और स्टील के औजार से तेजपाल के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
अपर पुलिस अधीक्षक (शहर) रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि आरोपी ने प्लानिंग से वारदात को अंजाम दिया. महिला को लेकर चल रहे विवाद के कारण उसने यह खौफनाक कदम उठाया.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं. फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है.