Uttar Pradesh News: फतेहपुर जिले की खागा विधानसभा से बीजेपी विधायक कृष्णा पासवान ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन डामर रोड को फावड़े से खोद दिया. यह घटना तब हुई जब विधायक अपने क्षेत्र के भ्रमण पर थीं और ग्रामीणों ने अइमापुर से रतनपुर तक बन रही 2200 मीटर सड़क में धांधली की शिकायत की. लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत से घटिया सामग्री इस्तेमाल होने के कारण विधायक ने मौके पर पहुंचकर खुद निर्माण की गुणवत्ता जांची. कमी पाए जाने पर उन्होंने फावड़े से सड़क उखाड़कर तुरंत काम रुकवा दिया और अब जिलाधिकारी से इसकी लिखित शिकायत करेंगी.
ग्रामीणों की शिकायत पर एक्शन
बीजेपी विधायक कृष्णा पासवान अपने क्षेत्र के दौरे पर थीं, तभी उन्हें अइमापुर गांव के पास ग्रामीणों ने रोक लिया. लोगों ने शिकायत की कि रतनपुर तक बन रही नई सड़क बनते ही उखड़ रही है.
विधायक ने मौके पर जाकर देखा कि डामर की परत बेहद कमजोर थी. उन्होंने विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को फोन पर फटकार लगाई और साफ कहा कि जनता के पैसे की बर्बादी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इसके बाद उन्होंने खुद फावड़ा उठाकर सड़क को खोदकर भ्रष्टाचार का सबूत दिखाया.
38 लाख की लागत, पर काम 'जीरो'
विधायक ने बताया कि अइमापुर से रतनपुर तक की यह सड़क करीब 38 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही थी. कुल 2200 मीटर की इस सड़क में मानकों की अनदेखी की गई और घटिया सामग्री का उपयोग किया गया. विधायक के अनुसार, सड़क इतनी कमजोर थी कि वह हाथ और फावड़े से आसानी से उखड़ रही थी. उन्होंने तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य को रुकवा दिया है. विधायक का आरोप है कि ठेकेदार और विभाग के अधिकारियों ने मिलकर इस भ्रष्टाचार को अंजाम दिया है.
डीएम से करेंगी शिकायत, होगी जांच
विधायक कृष्णा पासवान इस मामले को यहीं शांत नहीं होने देना चाहतीं. उन्होंने स्पष्ट किया है कि वह इस पूरे प्रकरण की शिकायत फतेहपुर के जिलाधिकारी (DM) से मिलकर करेंगी.वह चाहती हैं कि इस घटिया निर्माण की उच्च स्तरीय जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है. फिलहाल निर्माण कार्य ठप है और विभाग में इस कार्रवाई के बाद से हड़कंप मचा हुआ है.