Uttar Pradesh News: महाराजगंज जिले के बसपार गांव में मंगलवार को 60 वर्षीय सुमित्रा ने अपने 65 वर्षीय पति रामपत की बेरहमी से हत्या कर दी. रामपत घर के भीतर सो रहे थे, तभी सुमित्रा ने मकान में आग लगा दी और बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हो गई.
ग्रामीणों ने घर से धुआं उठता देख पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा खोला, तो रामपत का झुलसा हुआ शव बरामद हुआ. ग्रामीणों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और महिला पहले भी रामपत को मारने की कोशिश कर चुकी थी.
पुरानी रंजिश और घरेलू कलह
श्यामदेउरवा थाना अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह घरेलू विवाद नजर आ रही है. ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी कि दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था. पुलिस अब इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि क्या महिला ने पहले भी रामपत को कोई धमकी दी थी या हिंसा की कोई अन्य घटना हुई थी.
पुलिस की कार्रवाई, आरोपी फरार
पुलिस ने आरोपी सुमित्रा के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है और फरार आरोपी महिला को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है.