यूक्रेन में मालवाहक जहाज पर हुए रूसी मिसाइल हमले में उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले 21 साल के अभिषेक निषाद की मौत हो गई. इस हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. अभिषेक गौरी बाजार थाना क्षेत्र के कर्मेल गांव के रहने वाले थे. वह पहली बार मर्चेंट नेवी में नौकरी करने गए थे. परिवार के अनुसार, वह 10 जून को शिपिंग कंपनी के माध्यम से नौकरी पर रवाना हुए थे.
परिजनों ने बताया कि जिस मालवाहक जहाज एमवी गोल्डन लियो पर अभिषेक तैनात थे, वह रविवार को मक्का लेकर यूक्रेन से सीरिया के लिए रवाना हुआ था. यात्रा के दौरान जहाज पर रूसी मिसाइल हमला हुआ. हमले के बाद जहाज में आग लग गई. इसी हादसे में अभिषेक निषाद की मौत हो गई. अभिषेक अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे. उनकी दो बहनें हैं. उनके पिता सुरेंद्र निषाद बनियनी चौराहे पर रेडीमेड कपड़ों की एक छोटी सी दुकान चलाते हैं. बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. मां और दोनों बहनें गहरे सदमे में हैं.
10 जून को नौकरी पर गए थे अभिषेक
मृतक के पिता सुरेंद्र निषाद ने बताया कि उनका बेटा मर्चेंट नेवी में नौकरी करने गया था. उसने तुर्की में जॉइन किया था और कई देशों से होते हुए यूक्रेन पहुंचा था. वहां से माल लादकर जहाज सीरिया के लिए रवाना हुआ था. इसी दौरान रूस की ओर से मिसाइल हमला किया गया, जिसमें उनके बेटे की मौत हो गई.
सुरेंद्र निषाद ने भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार से अपील करते हुए कहा कि उनके बेटे का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द उनके घर लाया जाए. उन्होंने कहा कि सरकार से जितनी संभव हो सके उतनी मदद की जाए. उन्होंने बताया कि उनकी दो बेटियां पढ़ाई कर रही हैं. सरकार उनकी योग्यता के अनुसार उन्हें नौकरी देने पर भी विचार करे. उन्होंने कहा कि उनका इकलौता बेटा मिसाइल हमले में मारा गया है और अब परिवार पूरी तरह टूट गया है.
एजेंट ने फोन कर दी हादसे और मौत की जानकारी
उन्होंने बताया कि अभिषेक से आखिरी बार 19 जुलाई को शाम करीब 5 बजे उनकी बात हुई थी. इसके बाद शाम 7 बजे अभिषेक की अपनी मां से बातचीत हुई थी. बाद में परिवार ने कई बार संदेश भेजे, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया. इसी दौरान उन्हें किसी अनहोनी की आशंका होने लगी. कुछ समय बाद जानकारी मिली कि जिस जहाज पर अभिषेक सवार थे, उस पर हमला हो चुका है. एजेंट ने भी फोन कर इसकी जानकारी दी और कहा कि शव मिलने के बाद परिवार को तुरंत सूचित किया जाएगा. घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के रुद्रपुर विधानसभा से भाजपा विधायक जय प्रकाश निषाद मृतक के घर पहुंचे. उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया.