उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक हाईवोल्टेज ड्रामा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें एक युवती मोबाइल के टावर पर चढ़ गयी और अपने प्रेमी का नाम लेकर जोर-जोर से आवाज लगाते हुए बुलाने लगी. लड़की अपने प्रेमी से शादी करने की जिद्द कर रही थी, हालांकि प्रेमी पहले से ही शादी-शुदा है. यह हंगामा देखकर अगल-बगल गांव के लोग धीरे धीरे इकट्ठा हो गए.
दो घण्टे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
जानकारी होने पर लड़की के घर वाले भी पहुंच गए. सूचना पर पुलिस भी पहुंची. पुलिस व घरवालों के काफी मान-मनव्वल के बाद प्रेमिका आखिरकार नीचे उतरी पुलिस प्रेमिका को अपने साथ ले गयी. यह हाई वोल्टेज ड्रामा लगभग दो घण्टे तक चलता रहा.
इस मामले में थाना बघौचघाट की पुलिस का कहना है कि युवती को पुलिस अपने साथ ले आयी और युवक को भी थाने पर बुलाया. दोनों पक्षों से बात की जा रही है. आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
शादीशुदा प्रेमी से शादी की जिद
गौरतलब है कि जनपद देवरिया के थाना बघौचघाटक्षेत्र अंतर्गत एक गांव की रहने वाली युवती का गांव के ही एक युवक से पिछले 3 सालों से प्रेम संबंध है, लेकिन इस बीच एक साल पहले युवक की शादी हो गई लेकिन युवती की अभी शादी नहीं हुई और यह अभी भी अपने शादी-शुदा प्रेमी से बेइंतहा मोहब्बत करती रही.
गुस्से में मोबाइल टावर पर चढ़ी
केवल इश्क ही नहीं बल्कि यह युवती अपने शादीशुदा प्रेमी से शादी करने पर आमादा थी. हालांकि लड़की के घर वाले इस शादी के लिए राजी नहीं थे. मंगलवार को दिन में शादी की बात को लेकर युवती का उसके घर के लोगों से विवाद हो गया जिससे वह गुस्से में घर से निकल गई और गांव के बाहर एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई.
टावर पर चढ़ने के बाद अपने प्रेमी का नाम लेते हुए जोर-जोर से चिल्लाने लगी कि उसको बुलाओ. यह देख लोगों की भीड़ जुट गई. इसी में किसी ने इसकी सूचना बघौचघाट पुलिस को दे दी. पुलिस पहुंची और पुलिस ने काफी प्रयास किया. लड़की को उतारने के लिए समझाया बुझाया लेकिन लड़की उतरने को तैयार नहीं थी. करीब 2 घंटे के बाद वह किसी प्रकार टावर से नीचे उतरी जिसके बाद उसे पुलिस अपने साथ थाने ले गई. प्रेमी को भी बुलाया गया. पुलिस काफी देर तक दोनों पक्षों को समझाने में जुटी रही.