यूपी के हाथरस जिले में शिव मंदिर में पूजा करने पहुंचे 40 वर्षीय महेश चंद्र दीक्षित की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई. हादसे में मंदिर परिसर को भी नुकसान पहुंचा है. बिजली गिरने से मंदिर का घंटा सहित अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया. महेश की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. घटना थाना मुरसान क्षेत्र के गांव जटोई की है.
दरअसल, सोमवार सुबह महेश चंद्र दीक्षित बारिश के बीच घर से करीब 100 मीटर दूर शिव मंदिर छतरी लगाकर गए थे. लेकिन इसी दौरान उनपर आकाशीय बिजली गिर पड़ी. इस हादसे में उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसे में मंदिर का घंटा-दीवार आदि क्षतिग्रस्त हुए हैं.
बताया जा रहा है कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से महेश चंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मथुरा रेफर कर दिया गया. मथुरा के अस्पताल में उपचार के दौरान महेश चंद्र ने दम तोड़ दिया. महेश चंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है.
ग्रामीणों के मुताबिक, बिजली गिरने से शिव मंदिर को नुकसान हुआ है. मंदिर का घंटा और जंजीर आदि टूट गए. दीवारों में दरारें आ गईं. फर्श की टाइल्स भी उखड़ गई. मंदिर पर बिजली गिरने की दूसरी घटना है. बीते साल भी मंदिर पर बिजली गिरी थी, हालांकि उस समय कोई जनहानि नहीं हुई थी.