scorecardresearch
 

'गलती से हो गई हत्या, बहन शामिल नहीं ', लखनऊ के 'कातिल' बेटे अक्षत का कबूलनामा

लखनऊ के चर्चित मानवेंद्र सिंह हत्याकांड में आरोपी बेटे अक्षत ने पुलिस पूछताछ में रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे किए हैं. पिता की हत्या के बाद वह उनकी ही एसयूवी (SUV) में शव के टुकड़े लादकर काकोरी ले गया और वहां उन्हें जलाने की कोशिश की.

Advertisement
X
लखनऊ का 'कातिल' बेटा
लखनऊ का 'कातिल' बेटा

लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में हुए मानवेंद्र सिंह हत्याकांड के आरोपी बेटे अक्षत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. अक्षत ने पिता की हत्या के बाद शव के दो हिस्से किए और आधे हिस्से को उनकी ही ब्रेजा गाड़ी की डिग्गी में भरकर काकोरी ले गया, जहां उसने शव को जलाकर डंप कर दिया. पुलिस ने बुधवार को आरोपी को मेडिकल परीक्षण के लिए लोकबंधु अस्पताल भेजा, जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा. अक्षत ने 'आजतक' के कैमरों के सामने स्वीकार किया कि उससे यह हत्या 'गलती' से हुई. पुलिस अब उसकी रिमांड लेकर साक्ष्य जुटाने की तैयारी में है.

गाड़ी में मिले पैथोलॉजी के कागजात

पुलिस जांच में सामने आया है कि शव को ठिकाने लगाने के लिए इस्तेमाल की गई ब्रेजा गाड़ी के भीतर पैथोलॉजी से जुड़े कुछ संदिग्ध कागजात भी रखे हुए थे. अक्षत ने बेहद शातिराना तरीके से शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची थी ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके. वह शव के कुछ हिस्सों को गाड़ी की डिग्गी में भरकर शहर से दूर काकोरी ले गया था. पुलिस अब इन कागजातों और गाड़ी के मूवमेंट की बारीकी से जांच कर रही है.

बहन की भूमिका पर साधी चुप्पी

अस्पताल ले जाते समय 'आजतक' ने जब आरोपी अक्षत से लगातार सवाल किए, तो उसने हत्या को एक गलती करार दिया. हालांकि, जब उससे इस खौफनाक वारदात में उसकी बहन की संलिप्तता के बारे में बार-बार पूछा गया, तो उसने केवल सिर हिलाकर मना कर दिया.

Advertisement

फिलहाल, पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि हत्या और शव को ठिकाने लगाने में अक्षत के साथ और कौन-कौन शामिल था. पुलिस रिमांड मिलने के बाद इस मामले में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है. फिलहाल, पुलिसिया जांच-पड़ताल तेजी गति से चल रही है.  

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement