scorecardresearch
 

'यूपी में बनी ब्रह्मोस मिसाइल ने PAK को भीख मांगने पर किया मजबूर', महोबा में बोले CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को पाकिस्तान पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जब उत्तर प्रदेश में बने ब्रह्मोस मिसाइलों ने पाकिस्तान पर हमला किया तो वह दुनिया भर में दया भीख मांगने लगा. सीएम योगी ने कहा, 'क्या ये पाकिस्तान भारत से लड़ने की हिम्मत रखता है?'

Advertisement
X
यूपी के महोबा में सीएम योगी ने परियोजनाओं का शिलान्यास किया. (File Photo: ITG)
यूपी के महोबा में सीएम योगी ने परियोजनाओं का शिलान्यास किया. (File Photo: ITG)

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को महोबा में 697 करोड़ रुपये की लागत वाली 88 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर पड़ोसी देश पाकिस्तान पर तंज कसा है.
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइलें जब पाकिस्तान पर दागी गईं तो वह पूरी दुनिया में दया की भीख मांग रहा था. मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड की धरती से हुंकार भरते हुए स्पष्ट किया कि अब यहां टैंक और बंदूकें बन रही हैं, जिससे दुश्मन थर-थर कांप रहा है और आने वाले वक्त में महोबा, हमीरपुर तथा चित्रकूट में भी मिसाइल हब स्थापित किए जाएंगे.

क्या भारत से लड़ पाएगा पाकिस्तान?

CM ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'जिस दिन उत्तर प्रदेश के डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में बनी ब्रह्मोस मिसाइलें पाकिस्तान पर दागी गईं, वह दया मांग रहा था... क्या ये पाकिस्तान भारत से लड़ पाएगा?'

उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अनुसार, राज्य का महत्वाकांक्षी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर अलीगढ़, आगरा, झांसी, चित्रकूट, कानपुर और लखनऊ जिलों से होकर गुजर रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बुंदेलखंड में टैंक बन रहे हैं और यहां बनी तोपों और टैंकों के कारण दुश्मन डर से कांपता है.

माफियाओं की तोड़ी कमर

मुख्यमंत्री ने बिना किसी का नाम लिए विपक्षी दलों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि अतिक्रमण करने वाले लोगों ने बुंदेलखंड का अपमान किया और उत्तर प्रदेश के लिए पहचान का संकट पैदा किया.

योगी ने कहा कि यूपी खुद को नए भारत को नए राज्य के रूप में स्थापित कर रहा है. एक वक्त था जब राज्य में माफिया हावी थे और बेटियां व व्यापारी असुरक्षित महसूस करते थे, लेकिन उनकी सरकार ने इन माफियाओं की कमर तोड़ दी है.

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक स्वस्थ शरीर के अंदर ही स्वस्थ दिमाग का वास होता है, जिससे स्वस्थ मस्तिष्क और अंततः एक स्वस्थ आत्मा का निर्माण होता है. यही स्वस्थ आत्मा आगे चलकर लोक कल्याण का माध्यम बनती है.

उन्होंने बताया कि इस वर्ष राज्य की 57,000 ग्राम पंचायतों, 825 विकास खंडों, 350 तहसीलों और 762 शहरी स्थानीय निकायों में योग के भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए.

Advertisement

मोहबा बनेगा एडवेंचर टूरिज्म का केंद्र

महोबा के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये पवित्र भूमि गुरु गोरखनाथ की तपोस्थली है. इस विरासत को संवारने के लिए गोरखगिरी में एक आधुनिक रोपवे स्थापित किया जाएगा और इस पूरे स्थल को एडवेंचर टूरिज्म के एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा. इसके साथ ही युवाओं में वीरता की भावना जगाने के लिए आल्हा और ऊदल के शौर्य के प्रतीक अखाड़ों की स्थापना की जाएगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि महोबा ऊर्जा की भूमि है जो कभी अपने शानदार उत्सवों के लिए प्रसिद्ध थी. यहां से निकलने वाला ग्रेनाइट पत्थर केवल घरों या टाइल्स बनाने के काम नहीं आता, बल्कि ये पूरी भूमि राष्ट्र के विकास में अपना अमूल्य योगदान दे रही है. उन्होंने पानी के संरक्षण के लिए तालाब खुदवाने वाले चंदेला राजाओं के जन कल्याणकारी कार्यों की भी जमकर सराहना की.

'देशावरी पान को मिली वैश्विक पहचान'

सरकार की कोशिशों का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने जियो-टैगिंग (GI Tag) के माध्यम से महोबा के प्रसिद्ध 'देशावरी पान' को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान दिलाई है. इसके अलावा उन्होंने दशकों पहले सोची गई 'अर्जुन सहायक परियोजना' को मिशन मोड में लेकर पूरा किया, जिसके उद्घाटन के लिए साल 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया था. इस परियोजना से महोबा और बांदा की हजारों हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की सुविधा मिल रही है.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक वक्त था जब महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट और झांसी जैसे जिलों के पास कोई विशेष पहचान नहीं थी, लेकिन अब बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के माध्यम से ये पूरा क्षेत्र देश के सबसे बड़े औद्योगिक हब के रूप में उभरने के लिए तैयार है.

उन्होंने विश्वास जताया कि 'केन-बेतवा नहर परियोजना' के पूरा होने से बुंदेलखंड में पानी की समस्या का पूरी तरह से समाधान हो जाएगा और महोबा विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement