उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी मोहर्रम, नीट परीक्षा और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर मंगलवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने और योग दिवस को जनआंदोलन के रूप में मनाने के निर्देश दिए. इस दौरान उन्होंने मोहर्रम को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए और नीट अभ्यर्थियों के लिए बस किराये में 50 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की.
हथियारों के प्रदर्शन पर रोक
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोहर्रम मातम का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मोहर्रम के जुलूसों में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं होना चाहिए. साथ ही कानफोड़ू डीजे, ढोल-ताशों के अनियंत्रित प्रयोग और नई परंपराओं की शुरुआत पर भी रोक रहेगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए.
12 फीट से ऊंचा नहीं होगा ताजिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक पहले से ही धर्मगुरुओं और आयोजकों के साथ संवाद स्थापित करें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके. उन्होंने ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश देते हुए कहा कि 10 से 12 फीट से अधिक ऊंची ताजियों की अनुमति नहीं दी जाएगी. साथ ही बिजली की तारों और अन्य सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक एहतियात बरती जाए.
21 जून को नीट परीक्षा
बैठक में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. मुख्यमंत्री ने बताया कि 21 जून को प्रदेश के 59 जनपदों में आयोजित होने वाली परीक्षा में लगभग साढ़े तीन लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे. उन्होंने घोषणा की कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की बसों में प्रवेश पत्र दिखाने पर किराये में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी.
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि दूसरे जिलों में परीक्षा देने पहुंचने वाले अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक होने पर अस्थायी आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. उन्होंने एनटीए के दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर कड़ी निगरानी रखने को कहा.
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष 'स्वस्थ आयु के लिए योग' थीम पर व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. उन्होंने प्रदेश की 57 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों और 762 नगरीय निकायों में योग कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए. अमृत सरोवरों, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी.
मुख्यमंत्री ने 20 जून को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा कि योग दिवस के प्रत्येक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी कराया जाए.
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई और जनशिकायतों के निस्तारण पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि जनता दर्शन, सीएम हेल्पलाइन और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध समाधान अधिकारियों की शीर्ष प्राथमिकता होनी चाहिए.