scorecardresearch
 

48 घंटे बीत गए, नहीं मिली चारु! बुलंदशहर के नाले में बही 11 साल की छात्रा की तलाश जारी, काली नदी में भी रेस्क्यू ऑपरेशन

बुलंदशहर में मूसलाधार बारिश के दौरान नाले में बही कक्षा 4 की छात्रा चारु कश्यप का 48 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है. एनडीआरएफ, पीएसी फ्लड और नगर पालिका की टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, जबकि परिजनों ने स्कूल प्रशासन और नगर पालिका की लापरवाही पर कड़े सवाल उठाए हैं.

Advertisement
X
काली नदी तक फैला रेस्क्यू ऑपरेशन (Photo- Screengrab)
काली नदी तक फैला रेस्क्यू ऑपरेशन (Photo- Screengrab)

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के कोतवाली नगर स्थित मोहल्ला साठा में 28 जुलाई को 10 वर्षीय छात्रा चारु कश्यप स्कूल से घर लौटते समय तेज बारिश के कारण उफनते नाले में गिरकर बह गई. सूचना मिलते ही पुलिस, नगर पालिका, फायर सर्विस, पीएसी फ्लड और एनडीआरएफ की टीमों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया. 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने और नाले से लेकर काली नदी तक लगभग तीन किलोमीटर क्षेत्र खंगालने के बाद भी छात्रा का कोई पता नहीं चला है. पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने स्कूल संचालक और शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.

जलभराव से बचने के प्रयास में हुआ हादसा

मोहल्ला साठा स्थित विद्यालय से छुट्टी के बाद चारु कश्यप पैदल घर लौट रही थी. अचानक तेज बारिश और जलभराव होने के कारण वह नाले के ऊपर रखी पटिया पर खड़ी हो गई. इस दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बह गई. घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत सक्रिय हुए और प्रशासन को सूचित किया.

काली नदी तक फैला रेस्क्यू ऑपरेशन

प्रशासन ने तीन जेसीबी मशीनों की मदद से डेढ़ किलोमीटर से ज्यादा लंबे नाले की सफाई की और कई जगह पुलिया तोड़कर तलाश की. जब नाले में छात्रा का कोई पता नहीं चला, तो एनडीआरएफ की टीम ने उस काली नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया जहां यह नाला जाकर मिलता है. डीएम और एसएसपी ने मौके का निरीक्षण कर तेजी से रेस्क्यू के निर्देश दिए हैं.

Advertisement

परिजनों का गुस्सा और संवेदनाहीनता के आरोप

छात्रा के पिता रिंकू, मां ज्ञानवती और भाई ने प्रशासन और एजेंसियों पर देरी से पहुंचने का आरोप लगाया है. मां का कहना है कि स्कूल स्टाफ और प्रशासन बेहद संवेदनहीन है तथा कोई घर सांत्वना देने भी नहीं आया. पिता ने नगर पालिका के अधिकारियों पर भी मुकदमा दर्ज करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है.

जांच कमेटी गठित और चार कर्मचारी निलंबित

जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने एडीएम की निगरानी में जांच कमेटी गठित की है. शासन के निर्देश पर नगर पालिका के दो अवर अभियंताओं (अमित कुमार, कपिल मोहन) और दो सफाई निरीक्षकों (वर्षा रानी, राजेंद्र सिंह) को निलंबित कर दिया गया है. साथ ही ईओ और एई के खिलाफ भी शासन को कार्रवाई की संस्तुति भेजी गई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement