scorecardresearch
 

बुलंदशहर में आसमान से बरसे 500-500 के नोट... 53 सेकेंड के VIDEO ने इंटरनेट पर मचा दी हलचल

पहले पेड़ की तरफ लोगों की नजर गई. फिर हवा में उड़ते 500-500 के नोट दिखे. कुछ सेकेंड में भीड़ जमा हो गई. कोई नोट पकड़ रहा था, कोई वीडियो बना रहा था. देखने वालों को लगा जैसे अचानक पैसों की बारिश शुरू हो गई हो. लेकिन जब इस 'नोटों की बरसात' की असली वजह सामने आई, तो लोग हैरान रह गए.

Advertisement
X
इंटरनेट पर वायरल हो रहा 'नोटों वाला बंदर'. (Photo: Screengrab)
इंटरनेट पर वायरल हो रहा 'नोटों वाला बंदर'. (Photo: Screengrab)

अगर किसी ने आपसे कहा कि बुलंदशहर में आसमान से 500-500 रुपये के नोट बरसने लगे, तो शायद आप यकीन नहीं करेंगे. लेकिन शनिवार को कचहरी परिसर के पास कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला. सड़क पर खड़े लोग अचानक हवा में उड़ते नोटों को देखकर हैरान रह गए. कोई नोट पकड़ने दौड़ा, तो कोई मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगा. 53 सेकेंड का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है. लेकिन इस वायरल वीडियो की कहानी सिर्फ नोटों की बारिश की नहीं, बल्कि एक ऐसे बंदर की भी है, जिसने कुछ मिनटों के लिए यह तमाशा बना दिया.

शनिवार को एक युवक जमीन का बैनामा कराने के लिए बुलंदशहर कचहरी परिसर पहुंचा था. उसके पास करीब 2 लाख रुपये कैश थे, जो एक थैले में रखे हुए थे. कामकाज के बीच वह अधिवक्ता के चेंबर से निकलकर स्टांप वेंडर की तरफ जा रहा था. तभी एक बंदर की नजर युवक के थैले पर पड़ गई.

यहां देखें Video

शायद बंदर को लगा कि थैले में खाने-पीने का सामान होगा. उसने बिना वक्त गंवाए झपट्टा मारा और थैला लेकर पास के एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया. नीचे खड़ा युवक कुछ समझ पाता, उससे पहले उसका 2 लाख रुपये वाला बैग बंदर के कब्जे में जा चुका था.

यह भी पढ़ें: प्रयागराज में रहस्यमयी तरीके से बरसे नोट? छत पर लिखा था ये मैसेज, देखने उमड़ी भीड़, पुलिस भी हैरान

Advertisement

पेड़ की ऊंची डाल पर पहुंचकर बंदर ने थैला खोला. लेकिन अंदर जो निकला, वह उसकी उम्मीदों से बिल्कुल अलग था. खाने का सामान नहीं, बल्कि 500-500 रुपये की गड्डियां. बस फिर क्या था. उसने एक-एक कर नोट निकालने शुरू किए और उन्हें हवा में उछालना शुरू कर दिया.

कुछ नोट नीचे गिर रहे थे, कुछ हवा में उड़ रहे थे और कुछ दूर तक बिखर रहे थे. नीचे मौजूद लोगों को पहले तो समझ ही नहीं आया कि हो क्या रहा है. लेकिन जैसे ही पता चला कि हवा में 500 के नोट उड़ रहे हैं, वहां हलचल मच गई. वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग नोट इकट्ठे कर रहे हैं. कुछ इस पूरे नजारे का वीडियो बनाने में जुट गए. देखते ही देखते कचहरी परिसर के बाहर भीड़ जमा हो गई.

Bulandshahr 500 Rupee Notes Rained Monkey Throws Cash Video Viral

ऐसे मामलों में अक्सर लोग मिले हुए पैसे जेब में डाल लेते हैं. लेकिन यहां तस्वीर कुछ अलग रही. स्थानीय लोगों ने बिखरे हुए नोट इकट्ठा करके युवक को वापस दिलाने में मदद की. करीब 2 लाख रुपये में से लगभग 1 लाख 98 हजार रुपये बरामद हो गए. यानी युवक का बड़ा नुकसान होने से बच गया.

सोशल मीडिया पर छाया 'नोटों वाला बंदर'

Advertisement

अब इस पूरे घटनाक्रम का 53 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. वीडियो देखकर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं. कोई इसे 'बंदर का भंडारा' बता रहा है, तो कोई लिख रहा है कि 'इतनी जल्दी तो बैंक भी कैश नहीं बांटते.' हालांकि युवक के लिए ये कुछ मिनट बेहद तनाव भरे रहे होंगे. लेकिन इंटरनेट के लिए यह एक ऐसा किस्सा बन गया है, जिसमें ड्रामा है और एक बंदर भी है, जिसने कुछ देर के लिए पूरे लोगों को ऊपर देखने पर मजबूर कर दिया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement