scorecardresearch
 

प्रयागराज में रहस्यमयी तरीके से बरसे नोट? छत पर लिखा था ये मैसेज, देखने उमड़ी भीड़, पुलिस भी हैरान

प्रयागराज (Prayagraj) में एक रहस्यमयी घटना ने गांव में सनसनी फैला दी. यहां एक घर की छत पर 100 और 50 रुपये के नोट और मौत की धमकी लिखी मिली. इस खबर के फैलते ही लोग नजारा देखने के लिए पहुंचने लगे. गांव में तरह-तरह की अफवाहें उड़ने लगीं. कोई इसे चमत्कार तो कोई जादू-टोना मान रहा था. इस घटना की पुलिस ने जांच की और बयान जारी किया है.

Advertisement
X
प्रयागराज में रहस्यमयी तरीके से मिले नोट. (Photo: AI)
प्रयागराज में रहस्यमयी तरीके से मिले नोट. (Photo: AI)

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले (Prayagraj) के नवाबगंज इलाके में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिससे पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया. दरअसल, यहां एक व्यक्ति की छत पर रहस्यमयी तरीके से पैसे बरसने की खबर फैली थी, इसी के साथ मौत की धमकी भी मिली. इसके बाद दूर-दूर से लोग यह नजारा देखने के लिए जुटने लगे. पुलिस को जब इस बारे में पता चला तो मौके पर पहुंचकर जायजा लिया. छत का नजारा देख पुलिस भी हैरान रह गई.

जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला प्रयागराज के नवाबगंज क्षेत्र के बेरवा गांव का है. यहां मोती सिंह नाम के व्यक्ति के घर की छत पर अचानक 100 और 50 रुपये के नोट रहस्यमयी ढंग से पड़े मिले. इसके साथ ही धमकी भरा एक मैसेज भी लिखा मिला, जिसमें लाल रंग से लिखा गया था- 'अरुण मरेगा और मोती भी मरेगा'. यह खबर आग की तरह फैल गई और आसपास के लोग इस घटना को देखने गांव पहुंचने लगे.

प्रयागराज में रहस्यमयी तरीके से बरसे नोट... देखने उमड़ी भीड़, पुलिस भी हैरान

यह भी पढ़ें: तंत्र विद्या, नोटों की बारिश और बेहोश युवतियां... हैरान कर देगी फरेबी तांत्रिक की ये सनसनीखेज कहानी

गांव और आसपास के इलाकों में कुछ लोगों ने इसे चमत्कार कहा तो कुछ इसे बड़े रहस्य या जादू-टोने से जोड़कर देख रहे हैं. कुछ लोग छत का नजारा देखने 40-50 किलोमीटर की दूरी तय करके मोती सिंह के घर पहुंचे. मोती सिंह के घर के बाहर भीड़ इस कदर बढ़ गई कि परिवार वालों को दरवाजा बंद कर अंदर बैठना पड़ा.

Advertisement

जैसे-जैसे अफवाहें बढ़ीं तो मामला पुलिस तक पहुंच गया. नवाबगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया. पुलिस ने मामले की छानबीन की और पाया कि यह किसी की शरारत हो सकती है. पुलिस इस बात से हैरान है कि आखिर यह सब किसने और क्यों किया.

अफवाहों से बचने की अपील

एसीपी सोरांव जंग बहादुर यादव ने कहा कि जांच में पता चला है कि यह शरारत है, लेकिन किसने की, यह अभी स्पष्ट नहीं है. यह घटना पूरी तरह से भ्रामक है और लोगों से अपील की है कि वे इस अफवाह पर ध्यान न दें और घर के बाहर भीड़ न लगाएं. पुलिस ने गांव वालों से अपील की है कि वे इस घटना को लेकर अफवाह न फैलाएं और इस तरह की बातों पर ध्यान न दें. पुलिस ने लोगों से भीड़ न लगाने की भी अपील की है. इसके बावजूद लोग उस घर को देखने के लिए पहुंच रहे हैं. 

घटना को लेकर गांव वालों ने क्या कहा?

गांव के लोग इस घटना से हैरान हैं और कई तरह की अटकलें लगा रहे हैं. ग्रामीण राजकुमार यादव ने कहा कि हमने ऐसा कभी नहीं देखा. कुछ लोग इसे जादू-टोने से जोड़ रहे हैं, तो कुछ इसे रहस्य मान रहे हैं. वहीं बुंदेली लाल ने कहा कि लोग डर रहे हैं, लेकिन पुलिस ने इसे किसी की शरारत बताया है. राजकुमार यादव कौड़िहार से आए थे, उन्होंने कहा कि हमने सुना कि यहां पैसे गिर रहे हैं, इसलिए देखने आए हैं कि यह सही है या गलत. छोटे लाल ने कहा कि हमें अचंभा लगा, इसलिए देखने आए हैं कि कैसे और कहां से पैसे गिर रहे हैं. वहीं बुंदेली लाल ने कहा कि इतनी उम्र में ऐसा पहली बार सुना कि पैसे टपक रहे हों. हमने रात में ही प्लान बनाया था यहां आने का.

---- समाप्त ----

Advertisement
Advertisement