झांसी में यूपी एसटीएफ ने माफिया अतीक अहमद के बेटे असद अहमद को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है. इससे प्रयागराज से करीब 340 किलोमीटर दूर लखीमपुर खीरी में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया है. साथ ही सीएम योगी की तस्वीर और राहगीरों को लड्डू खिलाया है.
दरअसल, 24 फरवरी को प्रयागराज में उमेश पाल की हत्या कर दी गई थी. इस मामले में माफिया अतीक अहमद का बेटा असद पर पुलिस ने पांच लाख रुपये का इनाम रखा था. इसके बाद यूपी एसटीएफ ने प्रयागराज से करीब 420 किलोमीटर दूर झांसी में असद और शूटर गुलाम को गुरुवार को मार गिराया.
यह खबर सुनते ही लखीमपुर खीरी में बीजेपी युवा मोर्चा के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने योगी आदित्यनाथ, यूपी पुलिस और एसटीएफ को बधाई दी. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर निकल रहे पुलिसकर्मियों को भी मिठाई खिलाई. असद और शूटर गुलाम के मारे जाने पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी खुशी जाहिर की और कहा कि माफिया राज खत्म होना चाहिए.
बेटे के एनकाउंटर के बाद अतीक बदला ले सकता है- जया पाल
उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने कहा, "सीएम योगी जी ने जो किया, वह ठीक किया. प्रशासन ने मुझे न्याय दिलाया है. अब मेरे पति के कातिलों को सजा मिली है." साथ ही जया पाल ने खतरे की आशंका भी जताई है. उनका कहना है कि अब खतरा और बढ़ गया है. आज अतीक का बेटा खत्म हुआ है. ऐसे में वह बदला ले सकता है. इसके अलावा जया पाल ने कहा कि अतीक की पत्नी शाइस्ता भी इस हत्याकांड में दोषी है.