scorecardresearch
 

खुद को मृत बताकर कर रहा था शादी, सेहरा बांधते ही पहुंच गई गर्लफ्रेंड

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक युवक ने दूसरी शादी करने के लिए खुद को सड़क हादसे में मृत बता दिया. उसकी प्रेमिका शोक मना रही थी, लेकिन शादी की सूचना मिलने पर वह पुलिस के साथ मैरिज हॉल पहुंच गई. पुलिस ने शादी रुकवाई, दूल्हे को हिरासत में लिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
मंडप में खुल गई दूल्हे की पोल. (Photo: Ravi Gupta/ITG)
मंडप में खुल गई दूल्हे की पोल. (Photo: Ravi Gupta/ITG)

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक शादी उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब दूल्हे की प्रेमिका पुलिस के साथ सीधे मैरिज हॉल पहुंच गई. युवक ने दूसरी शादी करने के लिए ऐसा खेल रचा कि हर कोई हैरान रह गया. उसने अपनी प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए खुद को सड़क हादसे में मृत घोषित कर दिया. इतना ही नहीं, उसके परिवार ने भी इस पूरी साजिश में उसका साथ दिया. प्रेमिका कई दिनों तक उसे मृत मानकर शोक मनाती रही, लेकिन जैसे ही उसे पता चला कि उसका प्रेमी जिंदा है और दूसरी शादी करने जा रहा है, वह पुलिस लेकर शादी के पंडाल पहुंच गई. इसके बाद शादी रुक गई और पुलिस दूल्हे को अपने साथ कोतवाली ले गई.

जानकारी के अनुसार आरोपी युवक हरिपाल का अपने ही गांव की एक युवती के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. युवती लगातार उससे शादी करने के लिए कह रही थी. बताया जा रहा है कि इसी दबाव से बचने के लिए युवक ने एक ऐसी साजिश रची, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. आरोप है कि युवक ने अपने परिवार के लोगों के साथ मिलकर यह झूठी कहानी फैला दी कि अंबेडकरनगर जिले में सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई है. यह खबर प्रेमिका तक भी पहुंचाई गई. प्रेमिका को जैसे ही यह जानकारी मिली, वह गहरे सदमे में चली गई और अपने प्रेमी को मृत मानकर शोक मनाने लगी.

शादी की खबर मिलते ही बदला पूरा घटनाक्रम

इस पूरे मामले में बड़ा मोड़ तब आया, जब किसी ने युवती को सूचना दी कि उसका प्रेमी मरा नहीं है. वह पूरी तरह स्वस्थ है और बस्ती के सांवरिया मैरिज हॉल में दूसरी युवती के साथ शादी करने की तैयारी कर रहा है. यह जानकारी मिलते ही युवती बिना देर किए सीधे कोतवाली पहुंची और पुलिस को पूरी घटना बताई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई. पुलिस युवती को साथ लेकर सीधे सांवरिया मैरिज हॉल पहुंची, जहां दूल्हा सेहरा बांधकर शादी की रस्मों की तैयारी कर रहा था.

Advertisement

जैसे ही पुलिस और प्रेमिका शादी के पंडाल में पहुंची, वहां मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया. प्रेमिका ने सभी के सामने युवक की कथित साजिश का खुलासा कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शादी की कार्रवाई रुकवा दी और आरोपी दूल्हे को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई. युवती का आरोप है कि युवक के परिवार ने भी इस पूरे मामले में उसका साथ दिया. परिवार ने ही उसे यह जानकारी दी थी कि युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई है, ताकि वह शादी का दबाव छोड़ दे और युवक दूसरी शादी कर सके.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पुलिस ने युवती के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. डिप्टी एसपी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. वधू पक्ष और प्रेमिका, दोनों की ओर से शिकायतें दर्ज की जा रही हैं. उन्होंने बताया कि आरोपी दूल्हे और उसके कुछ परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस का कहना है कि इस तरह की कथित जालसाजी और कानून से खिलवाड़ करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. खुद को मृत बताकर दूसरी शादी करने की कथित साजिश और फिर शादी के मंडप में पुलिस के पहुंचने की घटना ने सभी को हैरान कर दिया. अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement