उत्तर प्रदेश के बरेली से बेहद दर्दनाक और संवेदनशील मामला सामने आया है. यहां 11 साल की बच्ची ने रेप के बाद सदमे में आकर अपनी जान दे दी. पुलिस ने इस मामले में 26 साल के आरोपी जीशान को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है.
एजेंसी के मुताबिक, ASP अंशिका वर्मा ने बताया कि यह घटना 27 अप्रैल को सामने आई, जब 8वीं कक्षा की छात्रा को उसके घर पर फांसी पर लटका हुआ पाया गया. शुरुआत में परिवार ने इसे आत्महत्या का मामला बताया और पुलिस कार्रवाई से दूरी बनाए रखी. हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच की दिशा बदल गई.
रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर यौन उत्पीड़न के संकेत मिले. शरीर पर कई चोटों के निशान थे, जिनमें काटने और नाखून से खरोंच के निशान भी थे. रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी बताया गया, लेकिन इससे पहले हुई घटना ने मामले को गंभीर बना दिया.
यह भी पढ़ें: हरदोई: 7 साल के बच्चे की रेप के बाद हत्या करने वाले का एनकाउंटर, 50 हजार का इनामी मेहनूर ढेर
इस मामले का खुलासा पीड़िता की छोटी बहन के बयान से हुआ. उसने पुलिस को बताया कि आरोपी जीशान अक्सर स्कूल के आसपास मंडराता था. बच्ची को पैसे देकर उससे बातचीत छिपाने को कहता था. पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने पास बुलाया और उसके साथ रेप किया.
इस घटना से बच्ची इतनी आहत हो गई कि उसने घर लौटकर जान दे दी. उस समय उसकी मां घर पर मौजूद नहीं थीं. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और परिवार के बयानों के आधार पर आरोपी की पहचान की. इसके बाद उसे मीरगंज के साप्ताहिक बाजार के पास से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.