उत्तर प्रदेश के बांदा में दिनदहाड़े दो छात्राओं के अचानक लापता होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. घटना सामने आते ही पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए अलग-अलग टीमें गठित कीं और इलाके में नाकेबंदी कर दी. सर्विलांस टीम को भी अलर्ट किया गया है और आने-जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. हालांकि देर शाम तक दोनों छात्राओं का कोई सुराग नहीं मिल सका है.
बताया जा रहा है कि दोनों छात्राएं घर से अपने भाई के साथ स्कूल जाने के लिए निकली थीं. लेकिन स्कूल से लौटकर घर नहीं पहुंचीं, जिसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई. परिवार ने पहले अपने स्तर पर खोजबीन की और स्कूल में भी जानकारी जुटाई, मगर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई. अंततः परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई.
यह भी पढ़ें: बांदा: खेतों में अचानक पहुंचे सेना के 3 हेलीकॉप्टर, उतरे दर्जनों जवान तो मचा हड़कंप
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और हर एंगल से जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस टीमों को अलग-अलग दिशाओं में भेजकर तलाश अभियान चलाया जा रहा है.
मर्का थाना क्षेत्र का मामला, पड़ोसी छात्राएं लापता
दरअसल, यह मामला मर्का थाना क्षेत्र के चरका गांव का बताया जा रहा है. दोनों छात्राएं पड़ोसी हैं और रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार वालों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां भी जानकारी ली, लेकिन कोई पता नहीं चल सका.
पुलिस के मुताबिक परिजनों द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर फिलहाल बंद आ रहे हैं. जांच के दौरान मोबाइल से कुछ चैट और बातचीत के संकेत मिले हैं, जिनमें किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क के साक्ष्य सामने आए हैं. शुरुआती जांच में कुछ प्रेम प्रसंग से जुड़ी बातें भी सामने आई हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि बरामदगी से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.
जांच के लिए तकनीकी टीमों को भी लगाया गया है, ताकि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर छात्राओं तक पहुंचा जा सके.
पुलिस अलर्ट, जल्द बरामदगी का दावा
मर्का थाना के इंस्पेक्टर और एसएचओ मिथलेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया गया. पुलिस टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं और सर्विलांस व सीसीटीवी फुटेज की मदद से लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि मोबाइल नंबर बंद हैं, लेकिन व्हाट्सएप चैट के आधार पर सुराग जुटाने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों छात्राओं को बरामद कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है.