उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दूल्हा अपनी बारात लेकर सीधे डीएम ऑफिस पहुंच गया. वजह थी उसके घर की बिजली कटना, जो स्मार्ट मीटर लगने के बाद हुई. इस घटना ने इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है. मामला मटौंध थाना क्षेत्र के उजरेहटा गांव का है. यहां के रहने वाले कुलदीप की सोमवार को बारात महोबा जिले जानी थी. घर में शादी के कार्यक्रम चल रहे थे और रिश्तेदारों की भीड़ लगी थी. इसी बीच भीषण गर्मी में अचानक घर की बिजली काट दी गई, जिससे सभी लोग परेशान हो गए.
दूल्हे कुलदीप का कहना है कि उनके घर में पुराना मीटर हटाकर नया स्मार्ट मीटर लगाया गया है. आरोप है कि इस स्मार्ट मीटर में बिजली बिल पहले के मुकाबले कई गुना ज्यादा आ रहा है. परिवार का कहना है कि बिल इतना ज्यादा आ रहा है कि उसे भरना मुश्किल हो गया है. बिजली कटने से घर में मौजूद मेहमानों को काफी परेशानी हुई. गर्मी के कारण सभी बेहाल हो गए. इसी परेशानी के चलते कुलदीप ने अनोखा कदम उठाया और बैंड-बाजा बारात के साथ सीधे डीएम ऑफिस पहुंच गया, ताकि अधिकारियों से बिजली जोड़ने की गुहार लगा सके.
बैंड-बाजा के साथ कलेक्ट्रेट में किया अनोखा विरोध
दूल्हे ने कहा कि बिना बिजली के वह अपनी दुल्हन को कैसे घर लाएगा. उसने अधिकारियों से मीटर बदलने और बिजली बहाल करने की मांग की. इस अनोखे विरोध को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई. इस मामले में सामाजिक संगठन के अध्यक्ष एएस नोमानी ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि बिजली विभाग स्मार्ट मीटर लगाकर आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल रहा है. उनका कहना है कि एक दूल्हे को अपनी बारात के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचना पड़ा, जो इस समस्या की गंभीरता को दिखाता है.
स्मार्ट मीटर को लेकर गांव से शहर तक बढ़ा विरोध
दूल्हे की शिकायत सुनने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट संदीप केला ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने दूल्हे को आश्वासन दिया कि उसकी समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा. यह घटना दिखाती है कि स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में असंतोष बढ़ रहा है और अब इसका विरोध गांव से लेकर शहर तक देखने को मिल रहा है.