scorecardresearch
 

अमरोहा: यूपी रोडवेज बस से मर्चेंट नेवी इंजीनियर का बैग पार, चोरों ने दिल्ली एयरपोर्ट से किया पीछा! पैसेंजर्स के लिए बड़ी खतरे की घंटी

अमरोहा में मोगा ढाबे पर यूपी रोडवेज की एसी बस से मर्चेंट नेवी इंजीनियर का बैग चोरी. बैग में 2400 डॉलर कैश, लैपटॉप और पासपोर्ट था. चोरों का कार से भागने का CCTV वीडियो आया सामने...

Advertisement
X
मर्चेंट नेवी अफसर का लैपटॉप और विदेशी करेंसी पार.(Photo:Screengrab)
मर्चेंट नेवी अफसर का लैपटॉप और विदेशी करेंसी पार.(Photo:Screengrab)

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के रजबपुर थाना इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां नेशनल हाईवे पर स्थित मोगा ढाबे पर रुकी उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UPSRTC) की एक जनरथ एसी बस में सवार मर्चेंट नेवी के इंजीनियर का बैग चोरी हो गया. इस बैग में विदेशी मुद्रा (US डॉलर), लैपटॉप और सबसे अहम दस्तावेज 'पासपोर्ट' मौजूद था. चोरी की यह पूरी वारदात ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में लाइव कैद हो गई है.

पीड़ित इंजीनियर यशपाल सिंह विदेश से लौटकर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे. एयरपोर्ट से वे टैक्सी के जरिए कौशांबी बस स्टैंड पहुंचे. वहां से वे बरेली स्थित अपने गृह निवास जाने के लिए कौशांबी-बरेली रूट की यूपी रोडवेज की एसी बस में सवार हुए.

ढाबे पर वारदात
सुबह करीब 11 बजे बस रजबपुर थाना इलाके के मोगा ढाबे पर जलपान के लिए रुकी. यशपाल सिंह जब बस से उतरकर ढाबे पर गए, इसी बीच एक अज्ञात शातिर चोर बस में दाखिल हुआ और उनका बैग उठाकर बाहर खड़ी एक कार में सवार होकर रफूचक्कर हो गया.

सीसीटीवी में लाइव कैद
यशपाल जब वापस अपनी सीट पर लौटे तो बैग गायब देख उनके होश उड़ गए. ढाबे के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर साफ दिखा कि एक अज्ञात युवक बैग लेकर तेजी से कार में बैठता है और गाड़ी स्पीड में भगा ले जाता है. देखें VIDEO:- 

Advertisement

बैग में क्या-क्या था कीमती सामान?
पीड़ित के अनुसार, बैग में उनकी पूरी मेहनत और जरूरी दस्तावेज थे. करीब 2400 यूएस डॉलर यानी भारतीय मुद्रा में करीब 2 लाख रुपये से अधिक का कैश. उनका कीमती पासपोर्ट, मर्चेंट नेवी से जुड़े जरूरी क्रेडेंशियल्स और कागजात समेत एक महंगा लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान.

एयरपोर्ट से 'रेकी' का शक 
इस पूरी वारदात में सबसे डराने वाला पहलू यह है कि पीड़ित इंजीनियर ने शक जताया है कि चोरों के इस गैंग ने दिल्ली एयरपोर्ट से ही उनका पीछा (रेकी) करना शुरू कर दिया था. उन्हें कौशांबी बस स्टैंड से लेकर अमरोहा के ढाबे तक ट्रैक किया गया और जैसे ही मौका मिला, वारदात को अंजाम दे दिया गया. अगर यह शक सही है, तो विदेशों से दिल्ली एयरपोर्ट आने वाले तमाम एनआरआई (NRI) और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए यह एक बेहद संगठित और खतरनाक गैंग की सक्रियता का संकेत है.

पुलिस एक्शन और मुकदमा दर्ज
पीड़ित की सूचना के बाद रजबपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लिया. पुलिस ने अज्ञात चोर और कार सवार गैंग के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि कार के नंबर और सीसीटीवी में दिख रहे चेहरे के आधार पर हुलिए की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement