scorecardresearch
 

दोस्ती के जाल में फंसाकर छात्र से 5 लाख की उगाही, हनी ट्रैप के एंगल से जांच में जुटी पुलिस

आगरा में एक कोचिंग छात्र को दोस्ती के जाल में फंसाकर उससे 5 लाख रुपये से ज्यादा की उगाही का मामला सामने आया है. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. आरोप है कि छात्र को धमकाकर पैसे लिए गए. पुलिस अब जांच कर रही है कि मामला हनी ट्रैप या संगठित उगाही से जुड़ा है.

Advertisement
X
छात्र को दोस्ती के जाल में फंसाकर की उगाही (Representational image)
छात्र को दोस्ती के जाल में फंसाकर की उगाही (Representational image)

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक कोचिंग छात्र को दोस्ती के जाल में फंसाकर उससे लाखों रुपये की उगाही करने का आरोप लगा है. ब्लैकमेलिंग और लगातार हो रही उगाही से परेशान होकर पीड़ित के परिजन थाने पहुंचे, जिसके बाद थाना एत्माद्दौला में 17 मार्च 2026 की रात करीब साढ़े 9 बजे मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने इस मामले में रवि राघव, उसकी पत्नी और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, यह मामला FIR नंबर 0070 के तहत दर्ज हुआ है. आरोपियों पर बीएनएस की धारा 308(2), 352 और 351(2) के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.

छात्र को दोस्ती के जाल में फंसाकर लूटे लाखों रुपये 

शिकायतकर्ता जय प्रकाश त्यागी ने बताया कि उनका बेटा सनी त्यागी भगवान टॉकीज स्थित आकाश कोचिंग सेंटर में पढ़ाई करता है. इसी दौरान एक दोस्त के जरिए उसकी पहचान रवि राघव से हुई. आरोप है कि शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य दोस्ती थी, लेकिन धीरे-धीरे यह मामला धमकी और उगाही में बदल गया.

एफआईआर के अनुसार, शुरुआत में आरोपी ने छात्र से 15 हजार रुपये उधार मांगे. इसके बाद लगातार पैसों की मांग बढ़ती गई. जब छात्र ने पैसे देने से मना किया, तो उसे जान से मारने और लाश तक गायब कर देने की धमकी दी गई. डर के कारण छात्र ने पहले 50 हजार रुपये नकद दिए. इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर 1 लाख रुपये भी उससे वसूल लिए.

Advertisement

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने छात्र से 30 हजार रुपये की सेकेंड हैंड कार भी खरीदवाई, जिसका भुगतान भी उसी से कराया गया. इसके बाद कथित तौर पर 1.5 लाख रुपये नकद और फिर 2 लाख रुपये की और उगाही की गई. इस तरह शिकायत के अनुसार, छात्र से 5 लाख रुपये से ज्यादा की रकम अलग-अलग तरीकों से निकलवाई गई.

पीड़ित के पिता के अनुसार, 25 फरवरी 2026 को उनका बेटा रोते हुए उनके पास आया और बताया कि पिछले करीब 6 महीनों से उसे धमकाकर पैसे लिए जा रहे हैं. आरोपी लगातार उस पर दबाव बना रहे थे और उससे 2 लाख रुपये और मांग रहे थे. इस पूरे घटनाक्रम से छात्र मानसिक तनाव और अवसाद जैसी स्थिति में पहुंच गया.

जब परिजन इस मामले को लेकर आरोपी के घर पहुंचे, तो वहां रवि राघव, उसकी पत्नी और अन्य लोगों ने कथित तौर पर गाली-गलौज की, उन्हें घर से भगा दिया और जान से मारने की धमकी दी. शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि आरोपी बिना नंबर की फॉर्च्यूनर कार से चलता है, जिस पर विधायक पास लगा हुआ है.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

इस मामले में थाना एत्माद्दौला पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच की जिम्मेदारी एसआई कुलदीप कुमार को सौंपी गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या छात्र को सुनियोजित तरीके से फंसाया गया था, क्या यह मामला हनी ट्रैप और संगठित उगाही से जुड़ा है और अब तक आरोपियों ने कुल कितनी रकम वसूली है. फिलहाल, इस मामले में आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement