उत्तर प्रदेश के बांदा में एक जरा सी बात में मर्डर की वजह से इलाके में सनसनी फैल गयी. एक्सीडेंट में पैर के इलाज के पैसे न देना एक सख्स को हमेशा के लिए भारी पड़ गया. आरोपी ने उसे तमंचे से आंख में गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया. उसका शव पोकलैंड मशीन में बरामद हुआ है. सूचना पर पहुचीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. एसपी ने मामले के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई हैं, दावा है जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा. पुलिस को दो से तीन लोगों पर हत्या करने में शामिल की जानकारी मिली है, हालांकि पुलिस जांच कर रही है.
मामला गिरवां थाना क्षेत्र का है. जहां एक बालू की खदान में पोकलैंड मशीन पर उसके ऑपरेटर का शव खून से लथपथ पड़ा मिला. शव में आंख में गंभीर चोट के निशान थे, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेजा.
मृतक के परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले मृतक से एक एक्सीडेंट हुआ था, जिसमे एक युवक के पैर में चोट आई थी. उसने उसका इलाज भी कराया, लेकिन युवक और पैसे मांग रहा था और देने पर उसने देख लेने की धमकी दी थी. इसलिए हो न हो मौका पाकर उसी ने गोली मारकर निर्मम हत्या की है क्योंकि वह घटना के बाद से फरार है. पुलिस सर्विलांस और फारेंसिक से मिले साक्ष्य के बाद मामले के खुलासे में जुटी हुई है. मृतक महोबा जिले का रहने वाला था, मोरंग खदान में पोकलैंड मशीन चलाता था. पुलिस को उसके साथियों से भी कुछ अहम सबूत मिले हैं.
थाना गिरवा स्थित एक खदान मैनेजर द्वारा थाना स्थानीय पर सूचना दी गई थी कि खदान में संचालित एक पोकलैंड मशीन के ऑपरेटर को उसकी गाड़ी में मृत अवस्था में पाया गया है, पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर जाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज बांदा भेजा गया. फील्ड यूनिट द्वारा मौके से तकनीकी, वैज्ञानिक एवं इलेक्ट्रॉनिक्स साक्ष्य संकलन किया गया. मृतक जनपद महोबा का रहने वाला है जिसकी आंख में चोट के निशान पाए गए हैं. मृतक के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है, शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.