केरल सरकार ने कोच्चि सिटी पुलिस कमिश्नर कालिराज महेश कुमार का तबादला कर दिया है. उनकी जगह आर निशांतिनी को नियुक्त किया गया है. यह फैसला एक सड़क हादसे की जांच को लेकर बढ़ते विवाद के बीच लिया गया. हादसे में एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज का 17 साल का बेटा शामिल है.
इससे एक दिन पहले चेरानल्लूर पुलिस स्टेशन के चार पुलिसकर्मियों को जांच में कथित लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया था. यह मामला 55 साल के सड़क किनारे भोजनालय चलाने वाले जयबालकृष्णन की मौत से जुड़ा है. आरोप है कि किशोर की चलाई मर्सिडीज-बेंज ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी थी.
हादसा 25 अक्टूबर की तड़के कोच्चि के चेरानल्लूर में हुआ था. चित्तूर के पास सड़क किनारे भोजनालय चलाने वाले जयबालकृष्णन दुकान बंद करने के बाद स्कूटर से घर लौट रहे थे. इसी दौरान एक मर्सिडीज-बेंज ने उनके वाहन को पीछे से टक्कर मार दी. इस हादसे में जयबालकृष्णन की मौत हो गई.
आरोपी की जमानत के बाद बढ़ा विवाद
शुरुआती जांच में सामने आया कि घटना के वक्त कार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से चल रही थी. हादसे के बाद पीड़ित परिवार ने विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान मामले में पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठे. खासतौर पर नाबालिग को पुलिस स्टेशन से जमानत पर छोड़ने और सबूत दबाने के आरोपों को लेकर विवाद ने तूल पकड़ा. शहर के पुलिस प्रमुख का ट्रांसफर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की शुरुआती जांच के बाद हुआ. इस जांच में मामले से जुड़ी कथित लापरवाहियों की पड़ताल की गई थी.
यह भी पढ़ें: ओडिशा में पेट्रोल पंप पर धमाका, टैंक का ढक्कन उड़कर कर्मचारी को लगा, मौके पर मौत-VIDEO
सरकारी आदेश के मुताबिक, 2008 बैच की आईपीएस अधिकारी आर निशांतिनी को दक्षिण क्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक के पद से तबादला किया गया है. उन्हें तत्काल प्रभाव से कोच्चि शहर की पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है.
राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर तैनात 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी पी प्रकाश को दक्षिण क्षेत्र का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है. वह राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो और साइबर अपराध शाखा का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे.