यूपी के मेरठ में मुस्कान और साहिल को कोर्ट द्वारा फांसी की सजा दी जा चुकी है. मुस्कान ने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर अपने पति सौरभ की हत्या की थी. फिर लाश के टुकड़े कर ब्लू ड्रम में भरकर सीमेंट से जाम कर दिया था. इसी तरह के एक और केस में आज सजा का ऐलान होना है. दोषी रविता और अमरदीप को फांसी होगी है उम्रकैद इसपर सभी की निगाहें टिकी हैं. रविता ने भी अपने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर पति अमित कश्यप की हत्या की थी. आइए जानते हैं पूरा मामला...
अप्रैल, 2025 का है मामला
आपको बता दें कि अमित कश्यप की उनके ही घर में 12 अप्रैल 2025 को पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप ने दम घोंटकर हत्या कर दी थी. अवैध संबंध और प्रेम प्रसंग के चलते दोनों ने इस पूरी साजिश को अंजाम दिया था. घटना को हादसा साबित करने के लिए शव के पास जहरीला वाइपर सांप रखा गया था.
हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से साजिश का पर्दाफाश हो गया. करीब 17 महीने से जेल में बंद इन दोनों आरोपियों को अपर जिला जज कोर्ट संख्या-12 ने 7 अक्टूबर को हत्या का दोषी करार दिया था. आज 16 अक्टूबर को अदालत दोनों दोषियों की सजा का ऐलान करेगी.
सांप से मौत का झूठा नाटक
अमित का शव मिलने के बाद पास में सांप देखकर सभी को लगा कि उसकी मौत सांप के डसने से हुई है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने सांप को डिब्बे में बंद कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अमित की मौत की असली वजह दम घुटना पाई गई. इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जिसमें पत्नी रविता और अमरदीप का प्रेम प्रसंग उजागर हुआ.
सरकारी गवाह और अदालत का फैसला
पुलिस ने सांप लाकर देने वाले व्यक्ति को सख्ती से पूछताछ के बाद सरकारी गवाह बना लिया. अभियोजन पक्ष के मजबूत साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने 7 अक्टूबर को दोनों को दोषी माना, जिसकी सजा का फैसला आज होना है.