
यूपी के आगरा में फ्रिज में बर्फ से 'शिवलिंग' बनने के दावे के बाद अब बुलंदशहर जिले से भी एक मामला सामने आया है. शिकारपुर नगर पालिका के द्वारा तालाब के सौंदर्यीकरण के दौरान शिवलिंग जैसी आकृति निकली, जिसके बाद ग्रामीणों ने पूजा-अर्चना शुरू कर दी. आसपास के लोग इस 'शिवलिंग' की पूजा के लिए आ रहे हैं और दान-दक्षिणा दे रहे हैं. इलाके में इसकी चर्चा जोरों पर है. सावन को देखते हुए क्षेत्र में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है.
आपको बता दें कि जैसे ही तालाब से शिवलिंग जैसी आकृति निकलने की खबर फैली इलाके में हड़कंप मच गया. जिसके बाद नगर पालिका सभासद व अन्य लोगों ने इस 'शिवलिंग' स्थापित करके पूजा-अर्चना शुरू कर दी. वहीं, 'शिवलिंग' निकलने की जानकारी मिलते ही शिकारपुर नगर पालिका अध्यक्ष राजबाला सैनी भी मौके पर पहुंच गईं.
यह भी पढ़ें: आगरा के 'फ्रिज वाले शिवलिंग' के दर्शन को उमड़ी भीड़, दूसरे दिन दूसरे मोहल्लों से भी पहुंचीं महिलाएं
पालिका अध्यक्ष का कहना है कि प्रशासन को इसकी जांच करानी चाहिए. अगर सही में शिवलिंग निकला है तो यहां भगवान शिव का मंदिर बनवाना चाहिए. ये लोगों की आस्था से जुड़ा मसला है, इसमें सबको साथ आना चाहिए.
उन्होंने यह भी बताया कि नगर पालिका के द्वारा शिकारपुर के वार्ड नंबर 10 में एक तालाब का रंग-रोगन कराया जा रहा था. तभी 'शिवलिंग' निकलने की बात सामने आई. इसके बाद खुद मौके पर जाकर देखा. फिलहाल, आसपास के लोग इसे देखने और पूजने आ रहे हैं. ईंट से चौखट बना दी गई है. बाकी व्यवस्था की जा रही है. श्रद्धालुओं ने 'शिवलिंग' पर दूध अर्पित कर जलाभिषेक किया और फूल-माला चढ़ाकर मन्नतें मांगीं. माहौल 'हर-हर महादेव' और 'जय भोलेनाथ' के जयकारों से गूंज उठा.

गौरतलब है कि बीते दिनों आगरा में गर्मी के मौसम में एक घर के फ्रिज में पानी से अपने आप 'शिवलिंग' जैसी बर्फ की आकृति जम गई. फ्रिज का दरवाजा खोलते ही जब परिवार ने शिवलिंग के आकार की बर्फ देखी, तो वे इसे भगवान शिव का चमत्कार मानने लगे. देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई. इसके बाद घर पर श्रद्धालुओं और पड़ोसियों का तांता लग गया. लोगों ने फल-फूल चढ़ाकर पूजा-अर्चना और आरती शुरू कर दी. हालांकि, जानकारों का मानना है कि यह फ्रिज में नमी और तापमान के कारण बनी एक सामान्य प्राकृतिक आकृति है, लेकिन श्रद्धालुओं के लिए यह आस्था और कौतूहल का विषय बनी हुई है.