अफ्रीकी देश युगांडा में एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है, जिस पर 38 लोगों की हत्या करने और उनमें से ज्यादातर के शरीर के अंगों को खाने का आरोप है. पुलिस का मानना है कि आरोपी देश के इतिहास का सबसे खतरनाक सीरियल किलर हो सकता है.
डेसी स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, उसके खिलाफ साल 2009 से हत्याओं के मामले सामने आ रहे थे. अब अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार करने के बाद सार्वजनिक रूप से मुकदमा चलाने और फांसी देने की बात कही है.
कभी दीवार तोड़कर घर में घुसना, कभी एक ही परिवार के कई लोगों को निशाना बनाना... युगांडा में बीते कई सालों से हो रही इन खौफनाक हत्याओं ने लोगों को दहशत में डाल रखा था. जांच एजेंसियां लंबे समय से इन वारदातों के पीछे एक ही शख्स का हाथ होने की आशंका जता रही थीं. अब इस मामले में मूसा मुजुरिजी नाम के शख्स की गिरफ्तारी का दावा किया गया है.
38 लोगों की हत्या का आरोप
युगांडा के अधिकारियों के मुताबिक, मूसा मुजुरिजी पर पिछले 15 से 17 साल के दौरान कम से कम 38 लोगों की हत्या करने का आरोप है. इतना ही नहीं, जांच से जुड़े आरोपों में यह भी कहा गया है कि उसने अपने ज्यादातर शिकार लोगों के शरीर के अंगों को खाया था. हालांकि, इन आरोपों की अदालत में पुष्टि होना अभी बाकी है.
युगांडा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज जनरल मुहूजी कैनेरुगाबा ने आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी दी. उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी बयान में उसे देश के इतिहास का सबसे खतरनाक सीरियल किलर और नरभक्षी बताया.
उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने मूसा मुजुरिजी को गिरफ्तार कर लिया है. उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक रूप से मुकदमा चलाया जाएगा और उसे फांसी दी जाएगी. हालांकि, किसी भी आरोपी को सजा देने का फैसला अदालत में सुनवाई और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होता है.
2009 से सामने आ रही थीं हत्याएं
रिपोर्ट के मुताबिक, युगांडा में हत्याओं का यह सिलसिला साल 2009 से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस को साल 2013 में ही शक होने लगा था कि अलग-अलग जगहों पर हो रही कुछ हत्याओं के पीछे एक ही शख्स हो सकता है.
जांचकर्ताओं को आशंका थी कि आरोपी मोटरसाइकिल से एक जगह से दूसरी जगह जाता था और फिर वारदात को अंजाम देता था. कई मामलों में एक ही हमले के दौरान कई लोगों की हत्या किए जाने की बात सामने आई थी.
इन वारदातों को अंजाम देने का तरीका भी बेहद खौफनाक बताया गया. रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी घरों में घुसने के लिए दीवारों में छेद तक कर देता था. इसके बाद घर के अंदर मौजूद लोगों को निशाना बनाया जाता था.
एक ही परिवार के 9 लोगों की हत्या
इस मामले की सबसे डरावनी घटनाओं में से एक साल 2013 में सामने आई थी. उस दौरान युगांडा के क्योटेरा इलाके में एक ही परिवार के नौ लोगों की हत्या कर दी गई थी.
इसके करीब एक दशक बाद, साल 2023 में भी इसी तरह की वारदातों की खबरें सामने आईं. रिपोर्ट के मुताबिक, दो परिवारों के पांच लोगों की हत्या की गई थी. इन घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी थी और जांचकर्ताओं को पुराने मामलों के बीच संबंध तलाशने पर मजबूर किया.
पुलिस लंबे समय से इन हत्याओं की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही थी. अब मूसा मुजुरिजी की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या इन सभी मामलों के पीछे उसी का हाथ था.
पहले भी गिरफ्तार हो चुका है आरोपी
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मूसा मुजुरिजी को पिछले कई सालों में एक से ज्यादा बार गिरफ्तार किया गया था, लेकिन वह हिरासत से फरार होने में कामयाब रहा.
युगांडा रेडियो नेटवर्क की रिपोर्ट के मुताबिक, उसे एक बार फिर हत्या और मानव तस्करी के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है. यह कार्रवाई 28 सितंबर को ग्रेटर मसाका इलाके में एक महिला का शव मिलने के बाद की गई.
अब जांचकर्ता आरोपी को लंबे समय से सामने आ रही हत्याओं से जोड़ने के लिए सबूत जुटा रहे हैं. उनका मकसद यह पता लगाना है कि 2009 से चली आ रही इन वारदातों में उसकी क्या भूमिका रही है और किन मामलों में उसके खिलाफ ठोस सबूत मौजूद हैं.
यह भी पढ़ें: आलू के साइज का सोना, शख्स को खुदाई में मिला, कीमत है 1 करोड़ से ज्यादा
फिलहाल, मूसा मुजुरिजी पर लगे आरोपों की पुष्टि अदालत में होनी बाकी है. अगर जांच में इन हत्याओं से उसका संबंध साबित होता है, तो यह युगांडा के सबसे गंभीर आपराधिक मामलों में से एक हो सकता है.