आजकल कई डिग्री होल्डर युवाओं को अच्छी पढ़ाई करने के बाद भी मनचाही नौकरी नहीं मिल रही है और कम सैलरी में गुज़ारा करना पड़ रहा है. ऐसे में दिल्ली के एक कारोबारी का दावा लोगों को चौंका रहा है, जिसमें उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी का एक ट्रक ड्राइवर पढ़े-लिखे सॉफ्टवेयर डेवलपर्स से ज्यादा कमाई कर रहा है. इस बात को लेकर सोशल मीडिया पर तेज बहस शुरू हो गई है. उनका कहना है कि उनके कंपनी के कुछ ट्रक ड्राइवर सॉफ्टवेयर डेवलपर्स से ज्यादा पैसे बचा लेते हैं. यह पोस्ट बिजनेसमैन दमन सिंह ने Instagram पर शेयर किया था.
क्या है पूरा मामला?
दमन सिंह के मुताबिक बड़े शहरों में नए आईटी ग्रेजुएट की शुरुआती सैलरी करीब ₹40,000 होती है. इसमें से किराया, टैक्स और खाने-पीने जैसे खर्चों में ज्यादातर पैसा खर्च हो जाता है. महीने के अंत में उनके पास सिर्फ ₹5,000 के आसपास बचता है. वहीं उनका दावा है कि कुशल ट्रक ड्राइवर ₹45,000 से ₹55,000 तक कमा लेते हैं. उन्हें किराया या टैक्स जैसे खर्च कम देने पड़ते हैं. इसलिए वे ज्यादा बचत कर पाते हैं और गांव में घर भी बना लेते हैं. उन्होंने लोगों से मजदूर वर्ग के काम का सम्मान करने और “कौशल को अहमियत देने” की बात कही.
लोगों की क्या प्रतिक्रिया रही?
सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग राय देखने को मिली. कुछ लोगों ने कहा कि मेहनत करने वाले ट्रक ड्राइवर अच्छी कमाई करते हैं.वहीं कई लोगों ने कहा कि ट्रक चलाना बहुत मुश्किल काम है और ज्यादा कमाई का मतलब आसान जिंदगी नहीं होता. कुछ यूजर्स ने उनके दावे पर सवाल भी उठाए.
कौन हैं दमन सिंह?
उनके प्रोफाइल के अनुसार- उन्होंने Birla Institute of Technology and Science, Pilani से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और Faculty of Management Studies, University of Delhi से MBA किया है. फिलहाल वे अपने परिवार का लॉजिस्टिक बिजनेस संभालते हैं और इससे जुड़े वीडियो शेयर करते रहते हैं.