जंगल सफारी पर निकले एक परिवार ने शायद ही सोचा होगा कि लौटते समय उन्हें ऐसा नजारा देखने को मिलेगा, जिसे वे जिंदगी भर नहीं भूल पाएंगे. महाराष्ट्र के ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व में एक बाघिन अपने तीन नन्हे शावकों के साथ सड़क पार करती नजर आई. इस दुर्लभ पल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर कंटेंट क्रिएटर अंकुश जिजिलवार ने शेयर किया है. उन्होंने बताया कि 15 जुलाई की शाम उनका परिवार पद्मापुर गेट से ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व में सफारी के लिए दाखिल हुआ था. शुरुआत में उन्हें बताया गया कि इलाके में एक तेंदुआ देखा गया है, लेकिन काफी तलाश के बाद भी वह नजर नहीं आया.
यह भी पढ़ें: VIDEO: मछली का शिकार कर रहे थे 3 दोस्त, तभी सामने आ गई ग्रेट व्हाइट शार्क
कुछ देर बाद परिवार मोहरली में रुककर आगे बढ़ा. रास्ते में लोगों को "टाइगर... टाइगर..." चिल्लाते देखा, लेकिन इंतजार के बावजूद कुछ दिखाई नहीं दिया. ऐसे में परिवार वापस लौटने लगा.
देखें ये वीडियो
अंकुश के मुताबिक, जैसे ही वे मोहरली गांव के पास पहुंचे, उन्होंने सड़क किनारे कुछ गाड़ियां खड़ी देखीं. पहले लगा कि बाघ जंगल में जा चुका है, लेकिन तभी शाम 7:03 बजे अचानक ऊंची घास से बाघिन 'छोटी मधु' बाहर निकल आई.
कुछ ही सेकंड बाद घास के बीच से एक-एक कर उसके तीन शावक भी बाहर आए. वीडियो में बाघिन बेहद शांत अंदाज में अपने बच्चों को सड़क पार कराती दिखाई देती है. यह दृश्य देखकर वहां मौजूद सभी लोग मंत्रमुग्ध रह गए.
इस दौरान एक बाइक सवार अनजाने में बाघिन की ओर बढ़ने लगा. अंकुश ने तुरंत अपनी कार की हेडलाइट फ्लैश कर उसे सावधान किया. बाइक सवार समय रहते रुक गया और सुरक्षित दूरी बनाए रखी, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई.
अंकुश ने लिखा कि जंगली माहौल में इतनी नजदीक से बाघिन को अपने तीन शावकों के साथ देखना उनके परिवार के जीवन के सबसे यादगार वन्यजीव अनुभवों में से एक है. उन्होंने कहा कि ऐसे पल हमें जंगलों और वन्यजीवों के संरक्षण का महत्व भी याद दिलाते हैं.