हर कोई सोचता है कि अगर बैंक बैलेंस करोड़ों में हो, अपनी कंपनी हो और विदेश में शानदार जिंदगी मिल जाए, तो शायद जिंदगी में कोई कमी नहीं रह जाती. लेकिन कभी-कभी सबसे बड़ी लड़ाई बैंक खाते में नहीं, इंसान के मन के भीतर चल रही होती है.
ऐसी ही एक कहानी सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रही है. कारोबारी विनीत के ने X पर अपने एक पूर्व कॉलेज मित्र का जिक्र किया, जिसकी जिंदगी बाहर से किसी सपने जैसी थी, लेकिन अंदर ही अंदर सब कुछ बिखर चुका था.विनीत डील्स धमाका के संस्थापक हैं. वे X पर बिजनेस, स्टार्टअप और जीवन से जुड़े अनुभव साझा करने के लिए जाने जाते हैं.
सिलिकॉन वैली में बनाया करोड़ों का साम्राज्य
विनीत के के मुताबिक, उनका दोस्त एक सेल्फ-मेड डॉलर मिलियनेयर है. उसने सिलिकॉन वैली में अपनी कंपनी खड़ी की. खूब नाम कमाया और इतनी दौलत बनाई कि आज भी उसके बैंक खाते में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा हैं. लेकिन करीब दो साल पहले उसकी जिंदगी ने ऐसा मोड़ लिया, जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की होगी.
यह भी पढ़ें: नॉर्वे की नौकरी ने बदल दी सोच, भारतीय कर्मचारी बोला- 'अब समझ आया, जिंदगी क्या होती है'
देखें पोस्ट
रिश्ते टूटे, कोर्ट के चक्कर और बच्चे से बिछड़ने का दर्द
पोस्ट के मुताबिक, पत्नी और उसके परिवार के साथ विवाद इतना बढ़ा कि मामला कोर्ट तक पहुंच गया. इसी दौरान वह डिप्रेशन में चला गया. सबसे बड़ा झटका तब लगा, जब उसे अपने ही बच्चे से मिलने की इजाजत नहीं मिली.जिस इंसान ने करोड़ों की कंपनी खड़ी की थी, वह अपनी ही जिंदगी में खुद को बेबस महसूस करने लगा.
अमेरिका छोड़ गांव लौट आया
आखिरकार उसने अमेरिका की चमक-दमक छोड़ने का फैसला किया. वह भारत लौट आया और अब एक छोटे से गांव में रहता है.विनीत के के मुताबिक, करोड़ों की संपत्ति होने के बावजूद अब उसकी दुनिया बहुत छोटी हो गई है. वह अपना समय भगवान की भक्ति, आध्यात्मिक जीवन और लोगों को मानसिक रूप से मजबूत बनने की बातें करने में बिताता है. उसके वीडियो बहुत पेशेवर नहीं होते, लेकिन उनमें उसकी तकलीफ साफ महसूस की जा सकती है.
'दौलत सब कुछ नहीं खरीद सकती'
इस कहानी को साझा करते हुए विनीत के ने लिखा कि उन्होंने ऐसे कई लोगों को देखा है, जिनके पास पैसा तो बहुत था, लेकिन मन का सुकून नहीं.उन्होंने लिखा कि कोई भी दौलत मानसिक शांति की कमी की भरपाई नहीं कर सकती. अपने बैंक बैलेंस जितना ही अपने मन की भी हिफाजत कीजिए.
लोगों ने कहा- असली अमीरी सुकून है
यह पोस्ट पढ़कर हजारों लोग भावुक हो गए. किसी ने लिखा कि असली दौलत इंसान की चेतना है. वहीं एक अन्य यूजर ने कहा कि पैसा सब कुछ खरीद सकता है, लेकिन सुकून भरी नींद और अपने लोगों का साथ नहीं.
हालांकि कुछ लोगों ने यह भी याद दिलाया कि सोशल मीडिया पर सामने आई किसी एक कहानी के आधार पर पूरी सच्चाई नहीं जानी जा सकती. इसलिए इसे एक व्यक्तिगत अनुभव के रूप में ही देखा जाना चाहिए.
यह कहानी एक बार फिर याद दिलाती है कि सफलता सिर्फ बैंक बैलेंस से नहीं मापी जाती. कई बार सबसे अमीर दिखने वाला इंसान भी भीतर से सबसे ज्यादा टूटा हुआ होता है, और मानसिक शांति ऐसी दौलत है, जिसे कोई भी रकम खरीद नहीं सकती.