scorecardresearch
 

VIDEO: अचानक टूटा स्टीयरिंग रॉड, खाई के मुहाने पर अटकी बस... कुछ समय के लिए थम गई 59 यात्रियों की सांसें

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से सूरत जा रही एसटी बस शनिवार को कन्नड़ घाट में हादसे का शिकार हो गई. अचानक स्टीयरिंग रॉड टूटने से बस अनियंत्रित होकर सुरक्षा दीवार से टकराई और खाई के मुहाने पर अटक गई. बस में 59 यात्री सवार थे. हादसे में चार यात्री मामूली घायल हुए, जबकि 55 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

Advertisement
X
बस के खाई पर लटकने के बाद उतरते यात्री. (Photo: Screengrabs)
बस के खाई पर लटकने के बाद उतरते यात्री. (Photo: Screengrabs)

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से गुजरात के सूरत जा रही एसटी बस शनिवार को कन्नड़ घाट में बड़े हादसे का शिकार होते-होते बच गई. बस का अचानक स्टीयरिंग रॉड टूट गया और देखते ही देखते चालक का नियंत्रण बस से हट गया. अनियंत्रित बस घाट की सुरक्षा दीवार से टकराई और खाई के मुहाने पर जाकर अटक गई. बस में उस वक्त 59 यात्री सवार थे.

स्टीयरिंग फेल होते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. किसी को समझ नहीं आया कि आखिर अगले पल क्या होने वाला है. यात्रियों को डर था कि बस सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरेगी. गनीमत रही कि बस का अगला हिस्सा लोहे के मजबूत सपोर्ट में फंस गया और बस वहीं रुक गई. महज कुछ फीट और आगे बढ़ने पर बड़ा हादसा हो सकता था.

चार यात्री घायल, 55 को सुरक्षित निकाला गया
सुरक्षा दीवार से टकराने के दौरान बस के आगे बैठे चार यात्रियों को मामूली चोटें आईं. सभी घायलों को चालीसगांव ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया. उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है. वहीं, बस में सवार बाकी 55 यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और ट्रैफिक टीम मौके पर पहुंची. राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया. इसके बाद क्रेन की मदद से बस को हटाया गया, जिससे घाट मार्ग पर यातायात फिर से सुचारू हो सका.

Advertisement

दूसरी बस से यात्रियों को भेजा गया सूरत
दुर्घटना के बाद यात्रियों के लिए दूसरी एसटी बस की व्यवस्था की गई. सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से दूसरी बस में बैठाकर सूरत रवाना किया गया. हादसे के बाद सुरक्षित बचे यात्रियों ने राहत की सांस ली और बस के रखरखाव को लेकर सवाल भी उठाए.

फिटनेस जांच पर उठे सवाल
इस घटना ने एसटी बसों के रखरखाव और फिटनेस जांच की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यात्रियों का कहना है कि घाट जैसे जोखिम भरे रास्तों पर बसों को रवाना करने से पहले उनकी तकनीकी जांच बेहद जरूरी है. यात्रियों ने मांग की है कि स्टीयरिंग रॉड टूटने की घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और यह पता लगाया जाए कि बस को फिटनेस जांच के बाद ही सड़क पर उतारा गया था या नहीं. 

(इनपुट- इशरूद्दीन चिस्ती)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement