scorecardresearch
 

ऋषिकेश जाने के खर्चे में घूम आया विदेश, शख्स के दावे की हो रही चर्चा

एक भारतीय कंटेंट क्रिएटर ने दावा किया कि उनके दोस्त ने ऋषिकेश में 9,000 से 15,000 रुपये प्रति रात के होटल किराए और यात्रा खर्च को देखकर वहां जाने का प्लान कैंसिल कर दिया. इसके बजाय उसने लगभग उसी बजट में श्रीलंका की यात्रा बुक कर ली, जहां उसे समुद्र किनारे बेहतर होटल कम कीमत में मिल गए.  

Advertisement
X
सोशल मीडिया पर घरेलू और विदेशी पर्यटन के खर्च पर जमकर बहस छिड़ी हुई है. ( Photo: ITG)
सोशल मीडिया पर घरेलू और विदेशी पर्यटन के खर्च पर जमकर बहस छिड़ी हुई है. ( Photo: ITG)

क्या अब भारत में घूमना विदेश जाने से भी महंगा पड़ने लगा है? सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रहा है. इस पो्स्ट में एक भारतीय युवक ने ऋषिकेश में होटल के बढ़ते किराए और यात्रा खर्च का हिसाब लगाया तो उसका पूरा प्लान बदल गया. हैरानी की बात यह रही कि लगभग उसी बजट में उसे श्रीलंका में समुद्र किनारे शानदार होटल और बेहतर सुविधाएं मिल गईं. इसके बाद उसने ऋषिकेश की जगह सीधे श्रीलंका की टिकट बुक कर ली. अब इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर घरेलू और विदेशी पर्यटन की लागत पर जमकर बहस छिड़ी हुई है.

कंटेंट क्रिएटर परित्श शर्मा ने सोशल मीडिया पर बताया कि उनके एक दोस्त ने उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ऋषिकेश जाने का प्लान बनाया था, लेकिन वहां के होटल और यात्रा खर्च देखकर उन्होंने अपना फैसला बदल लिया. आखिरकार उन्होंने लगभग उसी बजट में श्रीलंका घूमने का ऑप्शन चुन लिया. परित्श शर्मा के अनुसार, उनके दोस्त मुंबई से ऋषिकेश जाने की तैयारी कर रहे थे. यात्रा की योजना बनाते समय उन्होंने होटल की कीमतें देखीं तो हैरान रह गए. उन्हें पता चला कि ऋषिकेश के अच्छे होटलों में एक रात रुकने का किराया लगभग 9,000 रुपये से 15,000 रुपये तक था. इसके अलावा मुंबई से दिल्ली की फ्लाइट और फिर दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचने का अतिरिक्त खर्च भी काफी ज्यादा था. केवल एक तरफ की हवाई यात्रा पर ही लगभग 7,000 से 8,000 रुपये खर्च होने वाले थे.

Advertisement

.

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
जब उन्होंने कुल बजट का हिसाब लगाया तो उन्हें लगा कि इतने पैसे खर्च करने के बाद भी उन्हें वैसा अनुभव नहीं मिलेगा, जैसा वे चाहते थे. इसी दौरान उन्होंने श्रीलंका में होटल और यात्रा के विकल्प देखने शुरू किए. उन्हें यह देखकर आश्चर्य हुआ कि वहां समुद्र किनारे स्थित कई अच्छे होटल काफी कम कीमत में उपलब्ध थे. शर्मा के मुताबिक, उनके दोस्त को श्रीलंका में समुद्र के सामने बने कुछ शानदार होटल 3,000 से 5,000 रुपये प्रति रात के बीच मिल गए. उनका मानना था कि लगभग समान बजट में उन्हें बेहतर सुविधाएं, सुंदर समुद्री नजारे, साफ वातावरण और ज्यादा शांत माहौल मिल सकता है. इसी वजह से उन्होंने ऋषिकेश की जगह श्रीलंका की यात्रा बुक कर ली.

इस घटना को शेयर करते हुए परित्श शर्मा ने कहा कि भारत में घरेलू पर्यटन धीरे-धीरे महंगा होता जा रहा है. उनका मानना है कि कई भारतीय पर्यटन स्थलों पर होटल और अन्य सेवाओं की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं, जबकि सुविधाओं में उतना सुधार नहीं दिख रहा. उन्होंने कहा कि अगर यही स्थिति बनी रही तो लोग विदेशों में उपलब्ध सस्ते और बेहतर विकल्पों की ओर आकर्षित हो सकते हैं.

तुलना सही है या गलत?
इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अपनी-अपनी राय रखी. कुछ यूजर्स ने कहा कि कोविड-19 महामारी के बाद भारत में घरेलू पर्यटन की मांग काफी बढ़ी है. ज्यादा पर्यटक आने की वजह से होटल और अन्य सेवाओं की कीमतें भी बढ़ गई हैं.  हालांकि उनका मानना था कि श्रीलंका जैसे देश उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प बन सकते हैं जो सीमित बजट में अच्छा अनुभव चाहते हैं. एक यूजर ने अपना अनुभव शेयर  करते हुए बताया कि उन्होंने मुंबई से ऋषिकेश की यात्रा पर तीन लोगों के लिए लगभग 1.5 लाख रुपये खर्च किए थे. उनका कहना था कि इतनी राशि में वे एशिया के कई अन्य देशों की यात्रा भी कर सकते थे.

Advertisement

हालांकि सभी लोग इस तुलना से सहमत नहीं थे. कुछ यूजर्स ने कहा कि ऋषिकेश और श्रीलंका की तुलना करना सही नहीं है क्योंकि दोनों जगहों का अनुभव बिल्कुल अलग है. ऋषिकेश आध्यात्मिकता, योग और गंगा नदी के लिए प्रसिद्ध है, जबकि श्रीलंका अपने समुद्र तटों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है. फिर भी इस चर्चा ने एक महत्वपूर्ण सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या भारत में घरेलू पर्यटन अब इतना महंगा हो रहा है कि लोग विदेश यात्रा को ज्यादा किफायती विकल्प मानने लगे हैं. यह बहस अभी भी सोशल मीडिया पर जारी है और लोग अपने अनुभवों के आधार पर अलग-अलग राय दे रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement