भारत में रहने वाले लोग अक्सर यहां की रोजमर्रा की सुविधाओं को सामान्य मान लेते हैं, लेकिन बाहर से आने वाले लोगों के लिए यही चीजें खास बन जाती हैं. पिछले 10 सालों से भारत में रह रही डोमिनिका पटलस-कालरा ने अपने अनुभव के आधार पर ऐसी ही तीन सुविधाओं का जिक्र किया है, जिन्हें वह बेहद उपयोगी मानती हैं. उनका कहना है कि भारत की ये सुविधाएं जिंदगी को आसान और सुविधाजनक बनाती हैं, और दूसरे देशों को भी इन्हें अपनाना चाहिए. महिला ने सबसे पहले भारत की डोर स्टेप डिलीवरी की तारीफ की. उन्होंने कहा कि यहां लगभग हर चीज बहुत जल्दी घर तक पहुंच जाती है. चाहे किराने का सामान हो, खाना हो, इलेक्ट्रॉनिक्स या फिर मोबाइल फोन, सब कुछ कुछ ही मिनटों में घर पर मिल जाता है.
महिला के अनुसार, यह सुविधा दूसरे देशों में इतनी आसानी से नहीं मिलती. भारत में ऐप के जरिए ऑर्डर करने पर 10-15 मिनट में सामान घर पहुंच जाना आम बात हो गई है, जिससे लोगों का समय और मेहनत दोनों बचते हैं. दूसरी चीज जो उन्हें बहुत पसंद आई, वह है घरों में अटैच्ड बाथरूम यानी बेडरूम से जुड़ा बाथरूम. उन्होंने बताया कि भारत में ज्यादातर घरों में यह सुविधा होती है, जो बहुत आरामदायक और सुविधाजनक है. उनके मुताबिक, इससे लोगों को बार-बार कमरे से बाहर नहीं जाना पड़ता और यह रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाता है. उन्होंने कहा कि यह सिस्टम दूसरे देशों में भी होना चाहिए.
हर देश अपनाएं ये नियम
तीसरी और अहम बात जो उन्होंने बताई, वह है एमआरपी यानी 'अधिकतम खुदरा मूल्य”. भारत में हर सामान पर एमआरपी लिखा होता है, जिससे ग्राहक को पता होता है कि किसी चीज की अधिकतम कीमत क्या है. इससे दुकानदार मनमाने दाम नहीं ले सकते और खरीदारी में पारदर्शिता बनी रहती है. उन्होंने इस व्यवस्था की जमकर तारीफ की और कहा कि यह नियम हर देश में लागू होना चाहिए. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गया है. कई लोगों ने उनकी बातों से सहमति जताई. कुछ यूजर्स ने कहा कि भारत में तेज डिलीवरी की सुविधा ने लोगों की आदतें बदल दी हैं और अब यह एक सामान्य चीज बन गई है. वहीं, कुछ लोगों ने एमआरपी को भारत की सबसे अच्छी व्यवस्था बताया, क्योंकि इससे ग्राहकों को सही कीमत का अंदाजा रहता है.
कई लोगों ने यह भी कहा कि जब तक कोई व्यक्ति विदेश में नहीं रहता, तब तक उसे भारत की इन सुविधाओं की असली अहमियत समझ में नहीं आती. कुल मिलाकर, इस वीडियो ने लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि भारत में रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाने वाली कई चीजें हैं, जिन पर हम अक्सर ध्यान नहीं देते.