भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की जोड़ी सोशल मीडिया पर छाई रहती है. लेकिन इन दिनों दोनों की प्यारी सी लव स्टोरी भी खूब चर्चा में है. रिंकू और प्रिया की सगाई हो चुकी है और अब जल्द ही दोनों शादी के बंधन में बंधने वाले हैं.
एक इंटरव्यू में सपा सांसद ने खुद अपनी लव स्टोरी के कई दिलचस्प राज खोले और बताया कि कैसे एक छोटे से इंस्टाग्राम कनेक्शन से शुरू हुआ रिश्ता सगाई तक पहुंच गया. चलिए जानते हैं रिंकू-प्रिया की लव-स्टोरी.
कैसे हुई थी रिंकू-प्रिया की पहली बातचीत?
प्रिया सरोज ने इंटरव्यू में बताया बताया कि उनकी बहन फूड ब्लॉगिंग करती हैं और उनका एक फूड पेज था. उस पेज को प्रमोट कराने के लिए उन्हें किसी ने रिंकू सिंह के बारे में बताया. जिसने प्रिया को रिंकू सिंह के बारे में बताया था उसने कहा था कि वह अच्छे लड़के हैं और तुम्हारी बात जरूर सुनेंगे. हम लोगों ने सोचा कि वो पेज को प्रमोट कर देंगे तो चल जाएगा. उस समय रिंकू इंस्टाग्राम पर काफी प्रॉपुलर हो चुके थे. प्रिया ने रिंकू का प्रोफाइल सर्च किया और फिर उनका प्रोफाइल देखा.
प्रिया सरोज ने बताया, 'उस समय इंस्टाग्राम पर मेरे सिर्फ 1 हजार फॉलोअर्स थे और रिंकू के करीब 1.20 लाख फॉलोअर्स थे. मैंने उनकी प्रोफाइल पर उनका एक फोटो लाइक करके छोड़ दिया. मेरे लिए ये बहुत बड़ी बात थी कि उनके फॉलोअर्स इतने हैं और मेरे सिर्फ 1 हजार थे. उस समय आईपीएल था तो स्क्रॉल करते हुए लाइक करके छोड़ दिया था. मुझे याद भी नहीं था कि मैंने लाइक करके छोड़ा भी है. उन्होंने बताया कि रिंकू की पोस्ट पर लाइक करने के कुछ दिनों बाद अचानक उन्हें रिंकू का 'हाय' मैसेज आया.
प्रिया के भाई ने की थी रिंकू से बातचीत
प्रिया ने इंटरव्यू में मजेदार अंदाज में बताया कि रिंकू का मैसेज देखकर उन्होंने अपना फोन अपने भाई को दे दिया. उन्होंने कहा कि वो किसी अनजान व्यक्ति से बात नहीं करना चाहती थीं, इसलिए उनके भाई ने करीब एक हफ्ते तक प्रिया के अकाउंट पर रिंकू से बातचीत की.
इसी दौरान दोनों तरफ से बातचीत का एक दिलचस्प कनेक्शन बना. प्रिया के भाई रिंकू से बात कर रहे थे, जबकि रिंकू की तरफ से क्रिकेटर नीतीश राणा बातचीत कर रहे थे. धीरे-धीरे ये बातचीत आगे बढ़ी और दोनों एक-दूसरे को समझने लगे.
सरकारी नौकरी वाले से शादी करवाना चाहते थे प्रिया के पिता
प्रिया सरोज ने इंटरव्यू में बताया कि जब रिंकू सिंह से उनकी बातचीत शुरू हुई थी, तब उनका शादी करने या रिलेशनशिप में आने का कोई इरादा नहीं था. वो उस समय जज बनने की तैयारी कर रही थीं और पूरी तरह अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहती थीं. उन्होंने रिंकू से ये भी कहा था कि उनके पिता तूफानी सरोज उनके लिए सरकारी नौकरी वाला लड़का चाहते हैं. प्रिया के मुताबिक, उनके पिता की सोच थी कि लड़का अच्छा, संस्कारी हो और एक स्थिर नौकरी करता हो, जिसकी सैलरी 1 लाख रुपये हो.
रिंकू ने किया था वादा
प्रिया ने बताया कि जब उन्होंने रिंकू को अपने पिता की सोच के बारे में बताया तो रिंकू ने कहा कि अगर वो 2023 में भारतीय टीम में सेलेक्ट हो गए तो क्या उनके पिता मान जाएंगे? प्रिया ने जवाब देते हुए कहा कि उनके पिता को क्रिकेट के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, इसलिए सिर्फ टीम इंडिया में सेलेक्शन से भी बात नहीं बनेगी.
लेकिन इसके बाद रिंकू का करियर तेजी से आगे बढ़ा. आईपीएल में उनके शानदार प्रदर्शन और एक मैच में लगातार पांच छक्के लगाने के बाद उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली. प्रिया ने कहा कि इसके बाद धीरे-धीरे चीजें उनके पक्ष में होती चली गईं और आखिरकार उनके परिवार को भी इस रिश्ते के बारे में पता चला.
आखिर मान ही गए प्रिया के पापा
प्रिया सरोज ने बताया कि उनके परिवार में पहले किसी ने लव मैरिज नहीं की थी. इसके अलावा ये इंटरकास्ट मैरिज भी थी, इसलिए उनके पिता शुरुआत में इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे. जब उन्होंने अपने पिता को पहली बार रिंकू और अपने रिश्ते के बारे में बताया था तब उन्होंने क्रिकेटर की कास्ट के बारे में पूछा था और मना कर दिया था. हालांकि, फिर बाद में प्रिया के पापा और परिवार वाले मान गए.
रिंकू को इस नाम से बुलाती हैं प्रिया
इंटरव्यू में जब प्रिया सरोज से पूछा गया कि वो रिंकू सिंह को क्या कहकर पुकारती हैं, तो उन्होंने बताया कि वो उन्हें 'आरके' कहकर बुलाती हैं. प्रिया ने पूर्वांचल की परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि वहां अक्सर पत्नियां अपने पति का नाम नहीं लेतीं. इसलिए वह भी रिंकू का नाम लेने के बजाय उन्हें 'उनका-उनका' कहकर बुलाती हैं.
बिल्कुल अलग है दोनों का स्वभाव
इंटरव्यू में प्रिया ने रिंकू के साथ अपनी केमिस्ट्री के बारे में भी बात की. उन्होंने बताया कि वो खुद काफी चुलबुली और बातूनी हैं, जबकि रिंकू बहुत शांत रहते हैं और कम बोलते हैं. प्रिया को कुकिंग करना पसंद है, वहीं रिंकू का स्वभाव काफी शांत और अलग है.