सोशल मीडिया पर इन दिनों एक नया ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें लोग अपनी तस्वीरें शेयर करने के साथ एक खास लाइन लिख रहे हैं - Kinda chic to…. इस ट्रेंड में लोग कभी खुद को समय देने, कभी अपनी सीमाएं तय करने, तो कभी बिना किसी की परवाह किए अपनी जिंदगी जीने को 'Kinda chic' बता रहे हैं.
इसी ट्रेंड का हिस्सा बनी ब्रिटिश मॉडल और टीवी पर्सनैलिटी क्रिस्टीन मैकगिनीज. उन्होंने बिकनी में अपनी कुछ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर कीं. साथ में लिखा कि खुद के लिए समय निकालना, अपनी जिंदगी को फिर से व्यवस्थित करना और जरूरत पड़ने पर खुद को 'अनएवेलेबल' रखना भी अब 'Kinda chic' है.
आखिर 'Kinda Chic' का मतलब क्या है?
सबसे पहले इस वाक्य को समझना जरूरी है. 'Kinda' असल में 'kind of' का छोटा और बोलचाल वाला रूप है. वहीं 'chic' का मतलब होता है स्टाइलिश, फैशनेबल या आकर्षक. यानी 'Kinda chic to...' का सीधा मतलब हुआ—'ये थोड़ा स्टाइलिश है ...' लेकिन सोशल मीडिया पर इसका इस्तेमाल सिर्फ कपड़ों या फैशन के लिए नहीं हो रहा. लोग इस लाइन के आगे ऐसी चीजें लिख रहे हैं, जिन्हें आम तौर पर फैशन से जोड़कर नहीं देखा जाता.
मसलन, कोई लिख रहा है कि खुद को आराम देना 'Kinda chic' है, तो कोई कह रहा है कि लोगों से दूरी बनाना या अपनी सीमाएं तय करना भी 'Kinda chic' है. यही इस ट्रेंड की खासियत है. यहां 'chic' शब्द का इस्तेमाल थोड़ा मजाकिया और आत्मविश्वास भरे अंदाज में किया जा रहा है.
क्रिस्टीन मैकगिनीज ने क्या लिखा?
क्रिस्टीन मैकगिनीज ने बिकनी में अपनी तस्वीरें शेयर करते हुए इस ट्रेंड को अपने अंदाज में इस्तेमाल किया. उन्होंने लिखा कि बार-बार खुद को रीसेट, रिपेयर और रिअलाइन करना भी 'Kinda chic' है. यानी जिंदगी में कुछ गड़बड़ होने पर खुद को दोबारा संभालना कोई शर्म की बात नहीं है.
उन्होंने खुद के बारे में कुछ और बातें भी इसी अंदाज में लिखीं. जैसे तीन बच्चों की मां होना, अपनी सीमाएं तय करना और जरूरत पड़ने पर साफ-साफ मना कर देना भी 'Kinda chic' है. इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि यह समझना कि सुकून की कोई कीमत नहीं होती, अपने आप में खास बात है. यानी ट्रेंड के जरिए वह अपनी जिंदगी, अपनी प्राथमिकताओं और खुद को महत्व देने की बात करती नजर आईं.
बिकनी फोटो ही क्यों हो रही हैं वायरल?
'Kinda Chic' ट्रेंड के लिए बिकनी फोटो होना जरूरी नहीं है. सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग तरह की तस्वीरों और वीडियो के साथ इस लाइन का इस्तेमाल कर रहे हैं. हालांकि, मॉडल्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की ग्लैमरस तस्वीरों के साथ यह ट्रेंड ज्यादा नजर आ रहा है. क्रिस्टीन की बिकनी तस्वीरों ने भी इसी वजह से लोगों का ध्यान खींचा.
असल में इस ट्रेंड में तस्वीर से ज्यादा उसके साथ लिखी जाने वाली लाइन महत्वपूर्ण है. फोटो ग्लैमरस हो सकती है, लेकिन कैप्शन में लोग अपनी जिंदगी, पसंद, सीमाओं या किसी ऐसी चीज के बारे में बात कर रहे होते हैं, जिसे वे अब अपनी शर्तों पर करना चाहते हैं.
क्रिस्टीन, तलाक के बाद अपनी जिंदगी पर खुलकर बात कर रही हैं. क्रिस्टीन की पोस्ट ऐसे समय में आई है जब वह अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी काफी चर्चा में हैं. वह और उनके पूर्व पति Paddy McGuinness 2022 में अलग हो गए थे. दोनों के तीन बच्चे हैं और अलग होने के बावजूद वे परिवार के घर में साथ रहकर बच्चों की परवरिश कर रहे हैं.
क्रिस्टीन ने अपने तलाक को मुश्किल और चुनौतीपूर्ण दौर बताया है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि दोनों के बीच अच्छे संबंध बने हुए हैं और बच्चों की जरूरतों को सबसे ऊपर रखा गया है. उन्होंने बताया कि दोनों बच्चों की दिनचर्या में बड़ा बदलाव नहीं चाहते. इसी वजह से दोनों अभी भी एक ही घर में रहते हैं और मिलकर बच्चों की देखभाल करते हैं.
यही वजह है कि 'Kinda Chic' को सिर्फ बिकनी या ग्लैमरस फोटो वाला ट्रेंड समझना अधूरा होगा. सोशल मीडिया यूजर्स इस लाइन के जरिए उन चीजों को भी 'स्टाइलिश' बता रहे हैं. जिन्हें लेकर पहले इतनी चर्चा नहीं होती थी. जैसे आराम करना, खुद को प्राथमिकता देना, अपनी सीमाएं तय करना, हर किसी को जवाब न देना या जरूरत पड़ने पर लोगों से दूरी बना लेना.
ट्रेंड का अंदाज थोड़ा हल्का-फुल्का है. लोग गंभीर बात भी इस तरह लिख रहे हैं कि उसमें फैशन और आत्मविश्वास का तड़का लग जाए. मसलन, 'Kinda chic to say I'm unavailable' का मतलब यह नहीं कि कोई सच में फैशन की बात कर रहा है. इसका भाव है कि हर वक्त सबके लिए उपलब्ध रहना जरूरी नहीं. कभी-कभी खुद के लिए समय निकालना भी अच्छी बात है.
सोशल मीडिया की दुनिया में ऐसे छोटे और आसानी से इस्तेमाल किए जा सकने वाले वाक्य तेजी से लोकप्रिय होते हैं. 'Kinda chic to...' भी ऐसा ही एक फॉर्मूला बन गया है. इसमें यूजर को बस अपने मन की बात के साथ यह लाइन जोड़नी होती है. कोई इसे मजाक में इस्तेमाल कर सकता है, तो कोई अपनी जिंदगी के किसी बदलाव को लेकर.
यह भी पढ़ें: ब्रश पर पेपर रखा और दांत साफ कर लिए... जापान में माउथ क्लीनिंग का ये कैसा तरीका वायरल
यानी एक छोटी सी लाइन के जरिए लोग अपनी पसंद, आत्मविश्वास और जिंदगी जीने के तरीके को एक्सप्रेस कर रहे हैं. इसीलिए 'Kinda Chic' ट्रेंड का असली मतलब सिर्फ 'स्टाइलिश दिखना' नहीं है. सोशल मीडिया की भाषा में यह थोड़ा मजाकिया अंदाज में कहने का तरीका बन गया है कि 'मैं जो कर रहा हूं, वह शायद पारंपरिक तौर पर बहुत फैशनेबल न लगे, लेकिन मुझे यह पसंद है और मेरे लिए यही स्टाइलिश है.'