
क्या कोई जीव 194 साल तक जिंदा रह सकता है? सुनने में भले हैरानी हो, लेकिन दुनिया में एक ऐसा कछुआ है जिसने लगभग दो सदियां देख ली हैं. उसका नाम जोनाथन (Jonathan) है और उसकी अनुमानित उम्र 194 साल मानी जाती है. अब उसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने अपने सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक 'Guinness World Records Icon' का दर्जा दिया है.
जोनाथन सेशेल्स जाइंट टॉरटॉइज़ प्रजाति का कछुआ है. दक्षिण अटलांटिक महासागर में स्थित सेंट हेलेना द्वीप पर रहता है. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के मुताबिक, उसे साल 1882 में सेशेल्स से सेंट हेलेना लाया गया था. उस समय वह कम से कम 50 साल का था. इसी आधार पर वैज्ञानिक मानते हैं कि उसका जन्म 1832 या उससे भी पहले हुआ होगा.
दो सदियों का गवाह है जोनाथन
जब जोनाथन इस दुनिया में आया था, तब भारत में अंग्रेजों का शासन था. दुनिया में न कारें आम थीं, न हवाई जहाज और न ही इंटरनेट का कोई अस्तित्व था. इसके बाद उसने औद्योगिक क्रांति का दौर, दो विश्व युद्ध, इंसानों का चांद पर पहुंचना और आधुनिक तकनीक का विकास तक देखा.यही वजह है कि जोनाथन सिर्फ एक कछुआ नहीं, बल्कि इतिहास का चलता-फिरता गवाह माना जाता है.
आंखों से नहीं देख पाता, फिर भी जिंदगी का आनंद ले रहा है
उम्र का असर जोनाथन पर भी पड़ा है. उसकी आंखों की रोशनी लगभग जा चुकी है और सूंघने की क्षमता भी काफी कम हो गई है. लेकिन उसके देखभाल करने वालों के मुताबिक, वह आज भी नियमित रूप से खाना खाता है, धूप सेंकता है और अपने साथी कछुओं के साथ सामान्य व्यवहार करता है.

आखिर कछुए इतनी लंबी उम्र कैसे जीते हैं?
विशेषज्ञों के अनुसार, विशालकाय कछुओं की धीमी जीवनशैली, कम ऊर्जा खर्च करने वाला शरीर, मजबूत प्रतिरक्षा तंत्र और धीमा मेटाबॉलिज्म उनकी लंबी उम्र की बड़ी वजह माने जाते हैं. यही कारण है कि सेशेल्स और गैलापागोस जैसे द्वीपों के विशालकाय कछुए अक्सर 100 साल से ज्यादा जीते हैं. हालांकि, 194 साल तक जीवित रहना बेहद दुर्लभ माना जाता है.