scorecardresearch
 

यहां सिर्फ काम नहीं, जिंदगी भी जीते हैं! भारतीय युवक ने दिखाया स्वीडन का ऑफिस कल्चर

स्वीडन में काम कर रहे एक भारतीय युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर दिखाया कि वहां का कॉर्पोरेट ऑफिस भारतीय ऑफिसों की तुलना में कितना ज्यादा आरामदायक और रिलैक्स महसूस होता है. वीडियो में उसने बीन्स बैग, ओपन सीटिंग एरिया, मसाज चेयर, गेम्स और फ्री स्नैक्स जैसी सुविधाएं दिखाईं.

Advertisement
X
 संकेथ बनिक बताते हैं कि वह हाल ही में स्वीडन आए हैं (Photo: Pexel)
संकेथ बनिक बताते हैं कि वह हाल ही में स्वीडन आए हैं (Photo: Pexel)

वर्क लाइफ बैलेंस यानी काम और निजी जिंदगी के बीच सही तालमेल. भारत में अक्सर लोग लंबे ऑफिस घंटे, तनाव और निजी जीवन के लिए कम समय मिलने की शिकायत करते हैं. सोशल मीडिया पर कई बार भारतीय वर्क कल्चर की तुलना यूरोप और दूसरे देशों के ऑफिस माहौल से की जाती है. अब ऐसा ही एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों के बीच नई बहस छेड़ दी है.

संकेथ बनिक यानी संकेथ बनिक नाम के एक भारतीय युवक ने स्वीडन के कॉर्पोरेट ऑफिस का वीडियो शेयर किया है. वीडियो में उन्होंने यूरोप के ऑफिस कल्चर की झलक दिखाई, जिसे देखकर कई लोग कह रहे हैं कि “ये ऑफिस कम, रिलैक्सेशन जोन ज्यादा लग रहा है.”

संकेथ बनिक बताते हैं कि वह हाल ही में स्वीडन आए हैं और एक पर्यावरण सलाहकार के तौर पर काम कर रहे हैं. उन्होंने ऑफिस के अंदर की कई ऐसी सुविधाएं दिखाईं, जो आम भारतीय ऑफिसों से काफी अलग नजर आईं. वीडियो में बीन्स बैग, स्टाइलिश कुर्सियां, ओपन सीटिंग एरिया, सीढ़ियों पर बैठकर काम करने की जगह, गेम्स, मसाज चेयर और फ्री स्नैक्स जैसी चीजें दिखाई गईं.

देखें वायरल वीडियो

संकेथ कहते हैं कि यहां ऑफिस का माहौल ऐसा है कि आपको महसूस ही नहीं होगा कि आप ऑफिस में हैं. उन्होंने बताया कि यूरोपियन ऑफिसों में पारंपरिक क्यूबिकल सिस्टम कम देखने को मिलता है और पूरा सेटअप कर्मचारियों को आरामदायक महसूस कराने के हिसाब से डिजाइन किया जाता है.

Advertisement

वीडियो में उन्होंने यह भी दिखाया कि कर्मचारियों के लिए रोज शाम को फ्री स्नैक्स और अनलिमिटेड कैंडीज उपलब्ध रहती हैं. वहीं ज्यादा तनाव होने पर मसाज चेयर और गेम्स की सुविधा भी दी जाती है. उनका कहना है कि यूरोप में वर्क लाइफ बैलेंस सच में सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि ऑफिस कल्चर का हिस्सा है.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग भारतीय ऑफिस कल्चर की तुलना यूरोप से करने लगे. एक यूजर ने लिखा कि वर्क लाइफ बैलेंस कोई लग्जरी नहीं होनी चाहिए. वहीं दूसरे ने कहा कि यूरोप सच में कर्मचारियों के आराम और सुविधा को समझता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement