मेसी... मेसी... मेसी... इस वक्त यही नाम सोशल मीडिया से लेकर फुटबॉल फैंस की जुबान पर है. फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 में लियोनेल मेसी लगातार अपने खेल से सुर्खियां बटोर रहे हैं. अर्जेंटीना भी शानदार फॉर्म में नजर आ रही है और कई फैंस को उम्मीद है कि टीम एक बार फिर खिताब जीत सकती है.
क्वार्टर फाइनल में पहुंचने का मुकाबला इसका सबसे बड़ा उदाहरण रहा. मिस्र के खिलाफ अर्जेंटीना 80वें मिनट तक 0-2 से पीछे थी. तभी मेसी की अगुआई में टीम ने महज 13 मिनट के भीतर तीन गोल दाग दिए और हार के मुंह से जीत छीनकर क्वार्टर फाइनल का टिकट कटा लिया. इस शानदार वापसी के बाद दुनिया भर में मेसी की दीवानगी एक बार फिर चरम पर पहुंच गई.
लेकिन क्या आप जानते हैं कि मैदान पर जादू बिखेरने वाले मेसी ने फुटबॉल के अलावा निवेश और कारोबार के दम पर हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति कैसे बनाई? आइए जानते हैं उस खिलाड़ी की कहानी, जिसने संघर्ष से शुरुआत कर आज अरबों रुपये का साम्राज्य खड़ा कर लिया.
आज दुनिया लियोनेल मेसी को फुटबॉल का जादूगर कहती है. लेकिन एक समय ऐसा भी था, जब अर्जेंटीना के शहर रोसारियो में उनका परिवार बेहद साधारण जिंदगी जीता था. पिता स्टील फैक्ट्री में काम करते थे, जबकि मां पार्ट-टाइम नौकरी करती थीं. घर में इतनी आर्थिक तंगी थी कि बचपन में ग्रोथ हार्मोन की बीमारी का इलाज कराना भी परिवार के लिए आसान नहीं था. यही वह दौर था, जब फुटबॉल ने मेसी की जिंदगी बदलनी शुरू की.
सिर्फ 13 साल की उम्र में स्पेन का क्लब एफसी बार्सिलोना मेसी को अपनी अकादमी में ले गया. क्लब ने उनके इलाज का खर्च उठाया और यहीं से शुरू हुआ वह सफर, जिसने उन्हें दुनिया के सबसे अमीर खिलाड़ियों में शामिल कर दिया.
अब 1.1 बिलियन डॉलर की नेटवर्थ
फोर्ब्स के मुताबिक, जून 2026 तक लियोनेल मेसी की कुल संपत्ति 1.1 बिलियन डॉलर (करीब 9,400 करोड़ रुपये) पहुंच चुकी है. इसके साथ ही वह खेलते हुए अरबपति बनने वाले दुनिया के सिर्फ चार खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं. इस खास सूची में लेब्रॉन जेम्स, टाइगर वुड्स और क्रिस्टियानो रोनाल्डो का नाम भी शामिल है.

फुटबॉल से कमाए 1.2 बिलियन डॉलर
मेसी ने अपने करियर में क्लब कॉन्ट्रैक्ट्स से ही करीब 1.2 बिलियन डॉलर कमाए हैं. अगर विज्ञापन, लाइसेंसिंग, यादगार वस्तुओं की बिक्री और अन्य कारोबार से हुई कमाई को जोड़ दिया जाए, तो उनकी कुल करियर कमाई करीब 1.8 बिलियन डॉलर तक पहुंच जाती है. एडिडास के साथ लाइफटाइम डील, मास्टरकार्ड, लेज़ और मिशेलॉब अल्ट्रा जैसे बड़े ब्रांड उनकी कमाई के प्रमुख स्रोत हैं.

सिर्फ खिलाड़ी नहीं, बड़े निवेशक भी हैं मेसी
मेसी ने कमाई को सिर्फ बैंक में नहीं रखा. उन्होंने रियल एस्टेट, होटल, स्पोर्ट्स और दूसरे कारोबार में भी बड़ा निवेश किया.उनकी सबसे बड़ी कारोबारी संपत्तियों में एडिफिसियो रोस्टावर सोसिमी शामिल है. यह स्पेन में सूचीबद्ध रियल एस्टेट कंपनी है, जिसके पास होटल, ऑफिस, कमर्शियल बिल्डिंग और अन्य प्रॉपर्टियां हैं. हाल ही में इसी कंपनी ने बार्सिलोना में करीब 11.5 मिलियन यूरो की एक बड़ी कॉर्पोरेट बिल्डिंग भी खरीदी है.
कहां-कहां हैं मेसी की प्रॉपर्टियां?
मेसी का रियल एस्टेट पोर्टफोलियो तीन महाद्वीपों तक फैला हुआ है.
मियामी (अमेरिका): इंटर मियामी के करीब करोड़ों डॉलर की वाटरफ्रंट मेंशन और लग्जरी कॉन्डो.
बार्सिलोना और कास्टेलडेफेल्स (स्पेन): उनका मशहूर पारिवारिक घर, जहां वह बार्सिलोना के दिनों में रहते थे.
इबीजा, मयोर्का, सित्जेस, सोतोग्रांडे और बाक्वेरा (स्पेन): एमआईएम होटल्स चेन के लग्जरी होटल.
अंडोरा: एमआईएम होटल्स की एक और प्रीमियम प्रॉपर्टी.
लंदन और पेरिस: रियल एस्टेट निवेश के तहत अपार्टमेंट और अन्य संपत्तियां.
होटल, फुटबॉल क्लब और रेस्टोरेंट में भी लगाया पैसा
मेसी सिर्फ प्रॉपर्टी तक सीमित नहीं हैं. वे एमआईएम होटल्स चेन में हिस्सेदार हैं. इसके अलावा अर्जेंटीना की रेस्टोरेंट चेन एल क्लब डे ला मिलानेसा में भी उनकी हिस्सेदारी है. हाल के वर्षों में उन्होंने उरुग्वे के डेपोर्टिवो एलएसएम और स्पेन के यूई कॉर्नेला फुटबॉल क्लबों में भी निवेश किया है.
इंटर मियामी का दांव भी बना सोने की खान
2023 में मेसी ने सऊदी अरब से मिलने वाले कथित 400 मिलियन डॉलर सालाना के ऑफर को ठुकराकर अमेरिका के इंटर मियामी का साथ चुना. इस डील में उन्हें भविष्य में क्लब की हिस्सेदारी (इक्विटी) लेने का विकल्प भी मिला. उनके आने के बाद इंटर मियामी की वैल्यू कई गुना बढ़ गई, जिससे यह निवेश भी उनके सबसे सफल फैसलों में गिना जा रहा है.
आज मेसी सिर्फ फुटबॉल के महान खिलाड़ी नहीं हैं, बल्कि एक सफल निवेशक और कारोबारी भी बन चुके हैं. कभी इलाज के लिए संघर्ष करने वाला यह बच्चा अब हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति का मालिक है और उसकी दौलत मैदान के बाहर भी लगातार बढ़ रही है.