इंटरनेट पर गलत जानकारी कितनी तेजी से फैल सकती है, इसका ताजा उदाहरण MBA Chai Wala के फाउंडर प्रफुल्ल बिल्लोरे के साथ देखने को मिला. सोशल मीडिया पर उनकी मौत की अफवाह फैलने लगी. इतना ही नहीं, Google पर उनका नाम सर्च करने पर भी कुछ रिजल्ट ऐसे दिखाई देने लगे, जिनमें दावा किया गया कि उनका निधन हो गया है.
जब प्रफुल्ल बिल्लोरे ने खुद यह देखा तो उन्होंने तुरंत इंस्टाग्राम पर इसका स्क्रीनशॉट शेयर किया और अफवाहों पर विराम लगा दिया.उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि यह बेहद बेतुका, अपमानजनक और दुख पहुंचाने वाला है. कृपया फेक न्यूज फैलाना बंद करें. मैं जिंदा हूं.
गूगल सर्च में क्या दिखा?
'Prafull Billore death' सर्च करने पर Google के कुछ रिजल्ट में लिखा दिखा कि प्रफुल्ल बिल्लोरे की मौत की अफवाहें सोशल मीडिया पर फैल रही हैं, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. वहीं एक दूसरे लिंक में सीधे दावा किया गया कि MBA Chai Wala के फाउंडर और CEO प्रफुल्ल बिल्लोरे का निधन हो गया. हालांकि, इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं थी और खुद प्रफुल्ल बिल्लोरे ने सामने आकर इन्हें फर्जी बताया.
देखें पोस्ट
सोशल मीडिया पर आई प्रतिक्रियाएं
प्रफुल्ल की पोस्ट वायरल होने के बाद हजारों लोगों ने इस पर प्रतिक्रिया दी. एक यूजर ने लिखा कि भाई, जिंदा इंसान को श्रद्धांजलि दे दी!दूसरे ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अच्छा हुआ आपने खुद बता दिया, नहीं तो लोग RIP लिखना शुरू कर देते. एक अन्य यूजर ने लिखा, "फेक न्यूज की भी एक सीमा होनी चाहिए. कई लोगों ने Google सर्च रिजल्ट और इंटरनेट पर फैल रही गलत जानकारी को लेकर चिंता भी जताई.
कौन हैं प्रफुल्ल बिल्लोरे?
प्रफुल्ल बिल्लोरे भारत के चर्चित युवा उद्यमियों में गिने जाते हैं. उन्होंने MBA Chai Wala की शुरुआत एक छोटे चाय स्टॉल से की थी, जिसे बाद में देशभर में पहचान मिली. उनकी कहानी लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा मानी जाती है और वह मोटिवेशनल स्पीकर के तौर पर भी जाने जाते हैं।