scorecardresearch
 

बारिश में खाई में गिरने ही वाला था बाइकर, आखिरी सेकंड में ऐसे बची जान

बारिश के बीच दार्जिलिंग के कुर्सियांग में पहाड़ी सड़क पर एक बाइकर की जान बाल-बाल बच गई. फिसलन की वजह से बाइक गहरी खाई की ओर फिसलने लगी, लेकिन आखिरी सेकंड में राइडर ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे संभाल लिया. इस खौफनाक हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Advertisement
X
 बारिश की वजह से सड़क बेहद फिसलन भरी थी (Photo:Insta/@baappii_'s profile)
बारिश की वजह से सड़क बेहद फिसलन भरी थी (Photo:Insta/@baappii_'s profile)

बारिश के मौसम में पहाड़ी सड़कों पर सफर कितना खतरनाक हो सकता है, इसका एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है. दार्जिलिंग के कुर्सियांग में एक बाइकर कुछ सेकंड के लिए मौत के बिल्कुल करीब पहुंच गया. उसकी बाइक फिसलन भरी सड़क पर बेकाबू होकर सीधे गहरी खाई की ओर बढ़ने लगी. वीडियो देखकर ऐसा लगता है कि अब उसकी जान बचना मुश्किल है, लेकिन आखिरी सेकंड में जो हुआ, उसने हर किसी की सांसें रोक दीं.

इंस्टाग्राम पर अरसू नाम के यूजर ने यह वीडियो 'सेफ ड्राइव, सेफ लाइफ' कैप्शन के साथ शेयर किया है. वीडियो में अरसू अपने हेलमेट कैमरे से बारिश के बीच पहाड़ी सड़क का नजारा रिकॉर्ड कर रहे हैं. उनसे कुछ दूरी आगे उनके साथी बप्पी बर्मन बाइक चला रहे होते हैं. शुरुआत में सबकुछ सामान्य नजर आता है, लेकिन एक मोड़ पर अचानक पूरी कहानी बदल जाती है.

कैसा था नजारा

बारिश की वजह से सड़क बेहद फिसलन भरी थी. जैसे ही बप्पी बर्मन मोड़ पर पहुंचे, उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेजी से सड़क पर फिसलते हुए खाई की तरफ बढ़ने लगी. कुछ पल के लिए ऐसा लगा कि अब बाइक सीधे खाई में गिर जाएगी.

यह भी पढ़ें: रास्ते में बंद पड़ी महिला की इलेक्ट्रिक कार, आर्मी जवान ने किया दिल जीतने वाला काम

Advertisement

हालांकि, बप्पी ने गजब की सूझबूझ दिखाई. उन्होंने आखिरी सेकंड में हैंडल मोड़कर बाइक को खाई की तरफ जाने से रोक लिया. यह नजारा इतना डरावना था कि सुरक्षित जगह पर पहुंचते ही वह बाइक से उतर गए और सड़क किनारे बैठ गए. उनके चेहरे पर हादसे का डर साफ दिखाई दे रहा था. पीछे आ रहे उनके साथी भी तुरंत दौड़कर उनके पास पहुंचे.

देखें वीडियो

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने राहत जताई कि बाइकर सुरक्षित बच गया. वहीं, कई यूजर्स ने इसे बारिश में तेज रफ्तार या लापरवाही से बाइक चलाने का नतीजा बताया. एक यूजर ने लिखा, "राइडर का ध्यान सड़क की बजाय दूसरी तरफ था. ऐसी गलती पहाड़ों पर भारी पड़ सकती है." दूसरे ने लिखा, "वीडियो देखकर मेरी धड़कन रुक गई." एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, "भाई उस दिन सचमुच दूसरा जन्म लेकर आया है."

वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में पहाड़ी रास्तों पर थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है. इसलिए ऐसे रास्तों पर हमेशा धीमी रफ्तार, पूरा फोकस और अतिरिक्त सावधानी के साथ ही वाहन चलाना चाहिए.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement