इलेक्ट्रिक कार चलाने वालों के लिए सबसे बड़ी टेंशन में से एक है बीच रास्ते बैटरी खत्म हो जाना. कंटेंट क्रिएटर दीपिका शर्मा के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. सफर के दौरान अचानक उनकी EV की बैटरी खत्म हो गई. आसपास कोई चार्जिंग पॉइंट नहीं था और कार बीच रास्ते में फंस गई. दीपिका को समझ नहीं आ रहा था कि अब क्या किया जाए. तभी भारतीय सेना का एक जवान उनकी मदद के लिए आगे आया. इसके बाद जो हुआ, उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है.
दीपिका शर्मा ने इस घटना का वीडियो Instagram पर शेयर किया है. उन्होंने मदद करने वाले जवान की पहचान नरेंद्र के रूप में बताई. दीपिका के मुताबिक, जवान ने न सिर्फ उनकी कार को चार्जिंग स्टेशन तक पहुंचाने में मदद की, बल्कि तब तक उनके साथ रहे, जब तक वह सुरक्षित तरीके से दोबारा अपना सफर शुरू करने की स्थिति में नहीं आ गईं.
यह भी पढ़ें: 1 करोड़ की सैलरी भी नहीं बना सकती अमीर! CA ने बताया कहां हो रही गलती
बीच रास्ते खत्म हो गई EV की बैटरी
वीडियो में दीपिका ने बताया कि उनसे कार में बची बैटरी का अंदाजा लगाने में गलती हो गई थी. उन्हें लगा था कि कार में आगे का सफर तय करने के लिए पर्याप्त चार्ज है, लेकिन बीच रास्ते ही बैटरी खत्म हो गई. परेशानी यह थी कि आसपास कोई EV चार्जिंग पॉइंट भी नहीं था.अचानक आई इस मुश्किल में दीपिका को समझ नहीं आ रहा था कि वह क्या करें. लेकिन तभी भारतीय सेना के जवान नरेंद्र उनकी मदद के लिए आगे आए. दीपिका ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'कुछ हीरो केप नहीं पहनते, वे भारतीय सेना की वर्दी पहनते हैं.'
देखें वीडियो
कार को चार्जिंग स्टेशन तक पहुंचाने में की मदद
दीपिका के मुताबिक, नरेंद्र ने बिना कुछ सोचे उनकी मदद करने का फैसला किया. उन्होंने बंद पड़ी इलेक्ट्रिक कार को नजदीकी EV चार्जिंग स्टेशन तक पहुंचाने में मदद की.मदद यहीं खत्म नहीं हुई. चार्जिंग स्टेशन पहुंचने के बाद भी जवान वहां से तुरंत नहीं गए. वह तब तक दीपिका के साथ रुके रहे, जब तक कार में आगे का सफर तय करने लायक चार्ज नहीं हो गया.दीपिका ने बताया कि जाने से पहले जवान ने उन्हें आगे के रास्ते के बारे में भी जानकारी दी, ताकि उन्हें दोबारा किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
'आपने जो किया, उसे कभी नहीं भूलूंगी'
जवान की मदद से प्रभावित दीपिका ने सोशल मीडिया पर उनके लिए एक भावुक मैसेज भी लिखा. उन्होंने कहा कि वह नरेंद्र की दयालुता, धैर्य और बिना किसी स्वार्थ के की गई मदद के लिए दिल से शुक्रगुजार हैं और इस घटना को कभी नहीं भूलेंगी.
दीपिका ने वीडियो को जवान के प्रति आभार जताने का एक छोटा सा प्रयास बताया. उन्होंने इसे भारतीय सेना के उन जवानों को भी समर्पित किया, जो साहस के साथ देश की सेवा करते हैं और जरूरत पड़ने पर लोगों की मदद के लिए भी आगे आते हैं.
सोशल मीडिया पर लोगों ने किया सलाम
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी जवान की तारीफ कर रहे हैं. किसी अनजान शख्स को मुश्किल में देखकर मदद के लिए आगे आने के उनके कदम ने लोगों का दिल जीत लिया.
कई यूजर्स ने जवान के इस काम को भारतीय सेना के जज्बे और इंसानियत की मिसाल बताया. वहीं, कुछ लोगों का कहना था कि कई बार किसी की छोटी सी मदद भी सामने वाले के लिए जिंदगीभर याद रहने वाला अनुभव बन जाती है.
बीच रास्ते EV की बैटरी खत्म होना दीपिका के लिए शुरुआत में परेशानी का सबब था, लेकिन भारतीय सेना के जवान से मिली मदद ने इस मुश्किल सफर को उनके लिए ऐसी याद में बदल दिया, जिसे शायद वह लंबे समय तक नहीं भूल पाएंगी.