scorecardresearch
 

'अंदर सांस भी नहीं आती...' शादियों में गोरिल्ला बनने वाले ने बताया- कितना मुश्किल है ये काम?

शादी-ब्याह में गोरिल्ला का डांस देखकर लोग खूब हंसते हैं, वीडियो बनाते हैं और तालियां बजाते हैं. लेकिन उस कॉस्ट्यूम के अंदर छिपे इंसान की जिंदगी संघर्ष से भरी होती है. बरेली के गौरव शर्मा भी उन्हीं लोगों में से एक हैं, जो परिवार का पेट पालने के लिए हर दिन गोरिल्ला बनकर लोगों का मनोरंजन करते हैं.

Advertisement
X
गौरव बताते हैं कि उन्होंने हाईस्कूल तक पढ़ाई की है (Photo:ITG)
गौरव बताते हैं कि उन्होंने हाईस्कूल तक पढ़ाई की है (Photo:ITG)

किसी शादी या इवेंट में अचानक गोरिल्ला को नाचते देखकर लोग हंसते हैं, वीडियो बनाते हैं और उसके साथ सेल्फी लेते हैं. लेकिन उस भारी-भरकम कॉस्ट्यूम के अंदर छिपे इंसान की जिंदगी कैसी है, यह बहुत कम लोग जानते हैं.

बरेली के रहने वाले 31 साल गौरव शर्मा पिछले कुछ सालों से शादी और दूसरे इवेंट्स में गोरिल्ला बनकर लोगों का मनोरंजन करते हैं. एक इवेंट के लिए उन्हें करीब 5 हजार रुपये मिलते हैं. इसी कमाई से वह अपनी पत्नी और बेटी का खर्च चलाते हैं.

गौरव बताते हैं कि उन्होंने हाईस्कूल तक पढ़ाई की है. पहले वह जागरण में भोलेनाथ का किरदार निभाते थे. इसी दौरान उन्हें पता चला कि गोरिल्ला कॉस्ट्यूम पहनकर भी अच्छी कमाई हो सकती है. उन्होंने यह काम शुरू किया और धीरे-धीरे बुकिंग मिलने लगी.

'गर्मी में सांस लेना भी मुश्किल हो जाता है'

गौरव कहते हैं कि गर्मियों और उमस के मौसम में यह काम सबसे ज्यादा मुश्किल होता है. कॉस्ट्यूम के अंदर पसीना भर जाता है. कई बार सांस लेने में भी दिक्कत होती है.

Advertisement

वह बताते हैं कि गोरिल्ला की ड्रेस के अंदर एक छोटा पंखा और हवा आने-जाने की व्यवस्था होती है. इसके बावजूद लंबे समय तक इसे पहनकर नाचना बेहद थका देने वाला होता है.

'लोग कपड़े खींचते हैं, गालियां भी देते हैं'

गौरव कहते हैं कि हर इवेंट आसान नहीं होता. कई बार बच्चे बार-बार परेशान करते हैं. कुछ लोग कॉस्ट्यूम खींचने लगते हैं. नशे में आए मेहमान गालियां भी देते हैं. कई बार संतुलन बिगड़ जाता है, लेकिन फिर भी लोगों का मनोरंजन तो करना ही पड़ता है.

'अगर नौकरी मिल जाए तो यह काम छोड़ दूंगा'

गौरव कहते हैं कि यह उनका सपना नहीं, बल्कि मजबूरी है. अगर कोई अच्छी नौकरी मिल जाए तो मैं यह काम छोड़ दूंगा. लेकिन जब तक दूसरा रास्ता नहीं मिलता, यही करूंगा. परिवार चलाना है, इसलिए जो काम मिलेगा, वही करूंगा. ईश्वर जो रास्ता दिखाए, उस पर ही चलना है.

शादी-ब्याह में गोरिल्ला डांस का बढ़ता ट्रेंड

पिछले कुछ वर्षों में भारत में शादी और निजी आयोजनों में गोरिल्ला, पांडा, टेडी और दूसरे कैरेक्टर कॉस्ट्यूम पहनकर डांस कराने का चलन तेजी से बढ़ा है. ऐसे कलाकार मेहमानों का मनोरंजन करते हैं और सोशल मीडिया के दौर में इनके वीडियो भी खूब वायरल होते हैं. हालांकि, लोगों को हंसाने वाले इन कलाकारों की जिंदगी अक्सर संघर्ष और मेहनत से भरी होती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement