scorecardresearch
 

Amazon की नौकरी छोड़ चुना ऑटो चलाने का काम, 11 साल बाद बताई इसकी वजह

अगर आपको हर महीने अच्छी सैलरी वाली नौकरी और अपने मनपसंद काम में से किसी एक को चुनना पड़े, तो आप क्या करेंगे? हैदराबाद के एक शख्स ने बिना ज्यादा सोचे अपनी कॉर्पोरेट नौकरी छोड़ दी.

Advertisement
X
अमेजन के पूर्व कर्मचारी ने चुना कैब चलाने का पेशा. (Photo:Insta/@chetnasingh___)
अमेजन के पूर्व कर्मचारी ने चुना कैब चलाने का पेशा. (Photo:Insta/@chetnasingh___)

आज के समय में Amazon जैसी बड़ी कंपनी में जॉब करना लाखों युवाओं का सपना होता है. अच्छी सैलरी, करियर ग्रोथ और कॉर्पोरेट लाइफ के लिए लोग सालों तक मेहनत करते हैं. लेकिन हैदराबाद के एक शख्स ने ऐसी जॉब खुद छोड़ दी. वजह सुनकर सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि हर किसी के लिए सफलता का मतलब एक जैसा नहीं होता.

यह कहानी है कुमार की, जो कभी अमेजन में नौकरी करते थे. लेकिन उन्होंने कॉर्पोरेट दुनिया छोड़कर ऊबर चलाने का फैसला किया. वजह न तो जॉब से परेशानी थी और न ही किसी तरह की मजबूरी. उन्होंने सिर्फ इसलिए यह फैसला लिया, क्योंकि उन्हें गाड़ी चलाना बेहद पसंद है.

ऊबर की एक राइड में सामने आई अनोखी कहानी

यह कहानी सॉफ्टवेयर डेवलपर और कंटेंट क्रिएटर चेतना सिंह ने इंस्टाग्राम पर शेयर की. वह ऊबर से सफर कर रही थीं, तभी उनकी बातचीत ड्राइवर कुमार से हुई. बातचीत के दौरान पता चला कि कुमार पहले अमेजन में जॉब करते थे.

जब उन्होंने पूछा कि इतनी बड़ी कंपनी की जॉब छोड़ने की वजह क्या थी, तो कुमार ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि उन्हें ड्राइविंग करना पसंद है. उनके लिए यह सिर्फ कमाई का जरिया नहीं, बल्कि लोगों से जुड़ने का एक तरीका है.

Advertisement

हर दिन मिलती है नई कहानी

कुमार बताते हैं कि उन्हें अलग-अलग राज्यों और देशों से आने वाले लोगों से मिलना अच्छा लगता है. हर यात्री अपने साथ एक नई कहानी लेकर आता है. किसी से बिजनेस की बातें होती हैं, तो किसी से जिंदगी के अनुभव साझा होते हैं.उन्हें हैदराबाद की सड़कों पर गाड़ी चलाना भी पसंद है. उनका कहना है कि यही वजह है कि वह हर दिन खुशी के साथ काम पर निकलते हैं.

11 साल में 23,600 से ज्यादा यात्राएं

कुमार ने बताया कि उन्होंने 2014 में ऊबर जॉइन की थी. तब से लेकर अब तक वह 23,600 से ज्यादा ट्रिप पूरी कर चुके हैं. यानी पिछले करीब 11 सालों में उन्होंने हजारों यात्रियों से मुलाकात की और उनके अनुभवों का हिस्सा बने. वीडियो में यह भी बताया गया है कि वह ऊबर के सबसे ज्यादा रेटिंग पाने वाले ड्राइवरों में शामिल हैं.

क्यों खास है कुमार की कहानी?

भारत में अक्सर सफलता को बड़ी नौकरी, ऊंची सैलरी और नामी कंपनी से जोड़कर देखा जाता है. यही वजह है कि अमेजन जैसी कंपनी की नौकरी छोड़कर अपनी पसंद का काम चुनना लोगों को हैरान कर रहा है.

हालांकि, करियर विशेषज्ञ भी मानते हैं कि लंबे समय तक किसी काम में टिके रहने के लिए सिर्फ अच्छी सैलरी ही नहीं, बल्कि काम से मिलने वाली संतुष्टि भी बेहद जरूरी होती है. जब इंसान अपनी इंट्रेस्ट के मुताबिक काम करता है, तो उसके काम का आनंद और प्रदर्शन दोनों बेहतर हो सकते हैं.

Advertisement

देखें वायरल वीडियो

भारत में कम ही लोग चुन पाते हैं अपना जुनून

वीडियो शेयर करते हुए चेतना सिंह ने लिखा कि हमारे देश में ज्यादातर लोग जिम्मेदारियों, परिवार की उम्मीदों और समाज के दबाव के कारण अपने शौक पीछे छोड़ देते हैं. ऐसे में किसी को सिर्फ अपनी खुशी के लिए करियर बदलते देखना उन्हें प्रेरणादायक लगा.

उन्होंने लिखा कि कुमार की कहानी यह सोचने पर मजबूर करती है कि क्या सफलता का मतलब सिर्फ बड़ी कंपनी में नौकरी करना है, या फिर वह काम करना भी सफलता है, जिसे करते हुए इंसान हर दिन खुश महसूस करे.

सोशल मीडिया पर लोगों ने की जमकर तारीफ

वीडियो वायरल होने के बाद हजारों लोगों ने कुमार के फैसले की सराहना की. एक यूजर ने लिखा कि आप भीड़ के पीछे नहीं चले, बल्कि अपनी अलग राह बनाई." दूसरे ने कहा, "इस कहानी ने मुझे अपना पुराना शौक फिर से अपनाने की प्रेरणा दी.

कई यूजर्स ने लिखा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अक्सर अपनी खुशी से ज्यादा दूसरों की उम्मीदों को महत्व देते हैं. ऐसे में कुमार का फैसला यह याद दिलाता है कि हर व्यक्ति के लिए सफलता की परिभाषा अलग हो सकती है.

सिर्फ जॉब बदलने की नहीं, सोच बदलने की कहानी

Advertisement

कुमार की कहानी सिर्फ अमेजन छोड़कर ऊबर चलाने की नहीं है. यह उस सोच की कहानी है, जिसमें सफलता का पैमाना सिर्फ मोटी सैलरी या बड़ी कंपनी नहीं, बल्कि अपने मन का काम करके मिलने वाली खुशी भी है. शायद यही वजह है कि यह वीडियो लाखों लोगों को प्रेरित कर रहा है और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement