आज के दिन उन लोगों को सावधान रहने की जरूरत है जो कंप्यूटर का इस्तेमाल करते है. आज नेट यूजर्स के लिए खतरे की घंटी बज चुकी है. हम बात कर रहे हैं उस खतरनाक वायरस डीएनएस चेंजर की जो आपके कंप्यूटर को ठप कर सकता है. वैसे जानकारों का कहना है कि सावधान रहने से आप अपने कंप्यूटर को सुरक्षित रख सकते हैं.
अगर आपके पास कंप्यूटर है और आप इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं तो आज आपको सावाधानी बरतने की जरूरत है. क्योंकि हो सकता है कि आपका कंप्यूटर भी उस वायरस की चपेट में आ जाए जिसे लेकर दुनिया भर में खलबली मची है.
आज दुनिया के कई मुल्कों की तरह भारत के इंटरनेट यूजर्स को भी सावधान रहना होगा. वो इसलिए क्योंकि डीएनएस चेंजर नाम का खतरनाक वायरस एक बार फिर आपके कंप्यूटर पर हमला बोलने वाला है.
जानकारों के मुताबिक दुनिया भर के करीब ढाई लाख कंप्यूटर्स आज इस वायरस की जद में आ सकते हैं. जानकारों की माने तो इस वायरस से उन लोगों को सबसे ज्यादा खतरा है जिनके कंप्यूटर में पहले से डीएनएस वायरस है.
आपको बता दें कि डीएनएस चेंजर वायरस अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई की पकड़ में आ गया था और उसने इसके खिलाफ लाखों कंप्यूटरों को सुरक्षा उपलब्ध करवा रखी थी. लेकिन आज से एफबीआई डीएनएस चेंजर वायरस के खिलाफ सुरक्षा देना बंद कर देगी.
सुरक्षा कवच हटने के बाद अगर आपका कंप्यूटर इस खतरनाक वायरस की चपेट में आता है तो वेबसाइट दिखनी बंद हो जाएगी. जानकारों के मुताबिक इस वायरस से सबसे ज्यादा अमेरिका, इटली, भारत और ब्रिटेन जैसे देशों को खतरा है.
वैसे साइबर एक्सपर्ट की माने तो इससे लोगों को घबराने की जरूरत नहीं. उनके मुताबिक कंप्यूटर को सुरक्षित रखने के लिए बस सावधानी बरतने की जरूरत है. मसलन...
*अपने कंप्यूटर में एंटी वायरस सॉफ्टवेयर लगाएं.
*अपने कंप्यूटर में फायर वॉल सुनिश्चत कर लें.
*प्रोनोग्राफी से जुड़े वेबसाइट खोलने से बचें.
*अनजान शख्स का ईमेल खोलने से परहेज करें.
*अपने कंप्यूटर में संवेदनशाली जानकारी रखने से बचें.
तो कीजिए इन चंद उपायों का इस्तेमाल और बचे डीएनएस चेंजर वायरस से.