scorecardresearch
 

ट्रेन नहीं चलता-फिरता महल! मिडिल क्लास की सालाना सैलरी, 6 दिन का किराया

पटरियों पर दौड़ती एक ऐसी दुनिया, जिसका किराया सुनकर ही आम आदमी के पसीने छूट जाएं. जितनी एक मिडिल क्लास शख्स की सालभर की खून-पसीने की कमाई होती है, उतने में यहां सिर्फ 6 दिन का सफर मिलता है.

Advertisement
X
इस ट्रेन में राजाओं वाली एंट्री होती है (Photo: goldenchariot.org)
इस ट्रेन में राजाओं वाली एंट्री होती है (Photo: goldenchariot.org)

जरा सोचिए, जितनी एक आम आदमी की सालभर की मेहनत की कमाई होती है, क्या उतने में सिर्फ 6 दिन का सफर मुमकिन है? सुनकर शायद यकीन न हो, लेकिन भारतीय रेलवे की एक ऐसी ट्रेन भी है जिसका किराया किसी मिडिल क्लास आदमी के पूरे साल के बैंक बैलेंस को एक झटके में साफ कर सकता है. हम बात कर रहे हैं पटरियों पर दौड़ते '5-स्टार होटल' यानी गोल्डन चैरियट की. यह ट्रेन सिर्फ आपको मंजिल तक नहीं पहुंचाती, बल्कि उन 6 दिनों के लिए आपको किसी रियासत का राजा बना देती है. आइए, इस लाख टके के सफर का पूरा माजरा और इसकी रईसी को करीब से समझते हैं.

गोल्डन चैरियट के डिब्बे उसी ट्रैक पर दौड़ते हैं जिस पर आम ट्रेनें, लेकिन इसके अंदर की दुनिया बिल्कुल अलग है. यह चलती-फिरती एक आलीशान दुनिया है जिसमें 18  कोच हैं. यहां के कमरों में कदम रखते ही आपको लकड़ी की शानदार नक्काशी और गद्देदार शाही फर्नीचर दिखेगा. किंग साइज बेड से लेकर स्मार्ट टीवी तक, यहां हर वो सुविधा है जिसकी आप कल्पना कर सकते हैं. ताज्जुब तो तब होता है जब आप इसके बाथरूम देखते हैं, इतने शानदार इंटीरियर कि बड़े-बड़े होटलों के सूट भी फीके पड़ जाएं.

India most expensive train
कमरों के अंदर लकड़ी की वो कलाकारी जो दिल जीत ले (Photo: goldenchariot.org)

यह भी पढ़ें: रमजान में इन देशों के बदल जाएंगे नियम, ट्रिप से पहले पढ़ लें ये गाइड

रईसी का फुल डोज

सफर के दौरान भी आप अपनी फिटनेस का ख्याल रख सकें, इसके लिए ट्रेन में बाकायदा एक आधुनिक जिम बनाया गया है. अगर थकान मिटानी है, तो स्पा की सुविधा भी मौजूद है. खाने-पीने के शौकीनों के लिए 'नल' और 'रुचि' नाम के दो आलीशान रेस्टोरेंट हैं, जहां फाइव-स्टार शेफ के हाथों का बना लजीज खाना परोसा जाता है. इसके अलावा, शाम को महफिल सजाने के लिए 'मदिरा' नाम का एक शाही बार लाउंज भी है, जहां आप बेहतरीन कॉकटेल का आनंद ले सकते हैं.

Advertisement

इस ट्रेन की साख का अंदाजा आप बस इसी बात से लगा सकते हैं कि साल 2013 में इसे 'एशिया की सबसे बेहतरीन लग्जरी ट्रेन' के खिताब से नवाजा जा चुका है. यहां सफर की शुरुआत किसी आम मुसाफिर की तरह धक्के खाकर नहीं, बल्कि एक राजा की तरह होती है. बेंगलुरु के यशवंतपुर स्टेशन पर जब आप पहुंचते हैं, तो आपके स्वागत में बाकायदा 'रेड कार्पेट' बिछाया जाता है और ढोल-नगाड़ों के साथ फूलों की माला पहनाकर आपका स्वागत किया जाता है.  यहां कदम रखते ही आपको एहसास हो जाता है कि अगले कुछ दिन आप किसी आम दुनिया में नहीं, बल्कि शाही नवाबी में बिताने वाले हैं.

स्टेशन से विदा लेने के बाद शुरू होता है 5 रात और 6 दिन का वो जादुई सफर, जो आपको भारत की विरासत के सबसे खूबसूरत पन्नों से रूबरू कराता है. यह ट्रेन आपको मैसूर के आलीशान महलों की भव्यता दिखाएगी, तो कभी गोवा के शांत और सुनहरे समुद्र तटों की सैर कराएगी. सिर्फ इतना ही नहीं, हम्पी के उन ऐतिहासिक खंडहरों के बीच से गुजरते हुए आपको ऐसा लगेगा जैसे आप वक्त के पहिये पर पीछे चले गए हों.कुल मिलाकर, यह सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह जाने का रास्ता नहीं, बल्कि यादों को समेटने का एक अनोखा अनुभव है.

Advertisement
 Golden Chariot luxury train
शाम ढलते ही आलीशान बार लाउंज में सजती है महफिल (Photo: goldenchariot.org)

यह भी पढ़ें: होमस्टे में रुकना है तो सिर्फ कमरा न देखें, इन तरीकों से ट्रिप बनाएं यादगार

क्या है इस सफर की कीमत?

अब बात उस झटके की, जिसका जिक्र हमने शुरू में किया था. यकीन मानिए, इस शाही सफर का लुत्फ उठाना हर किसी के बस की बात नहीं है, क्योंकि इसका बिल किसी मिडिल क्लास परिवार की सालभर की पूरी कमाई के बराबर है. अगर आप दो लोग इस 6 दिन की जादुई यात्रा पर निकलना चाहते हैं, तो आपको अपनी जेब से लगभग 8.5 लाख रुपये ढीले करने होंगे. वहीं, विदेशी सैलानियों के लिए यह आंकड़ा 10,000 डॉलर के करीब जा पहुंचता है.

हालांकि, इस भारी-भरकम कीमत के बदले आपको जो मिलता है, वो भी किसी सपने से कम नहीं. इस पैकेज में आपका शाही सुइट में रहना, फाइव-स्टार खाना, स्पा की मसाज, जिम की सुविधा और यहां तक कि आपकी पसंद की अनलिमिटेड ड्रिंक्स भी शामिल होती हैं. 110 किमी की रफ्तार से पटरियों पर दौड़ता यह आलीशान महल आपको हर पल यह एहसास कराता है कि असल मायने में लग्जरी और रॉयल लाइफ आखिर होती क्या है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement