YouTube पर सर्च करने का तरीका जल्द पूरी तरह बदल सकता है. Google एक नए AI फीचर पर काम कर रहा है, जिसका नाम है Ask YouTube. यह फीचर अभी टेस्टिंग में है और इसे सबसे पहले इसे चुनिंदा यूजर्स के साथ शुरू किया गया है.
कंपनी यूट्यूब को भी गूगल सर्च के तर्ज पर ही स्टैब्लिश करने की तैयारी में दिख रही है. फिलहाल YT में सर्च ऑप्शन तो है, लेकिन कॉन्टेक्स्ट अवेरनेस उतनी नहीं है जितनी गूगल सर्च में होती है. इसे ही कंपनी बदलने की तैयारी में दिख रही है.
इस नए फीचर की खास बात यह है कि अब आपको सिर्फ कीवर्ड टाइप करने की जरूरत नहीं होगी. आप सीधे सवाल पूछ सकते हैं, जैसे किसी चैटबॉट से बात करते हैं. यानी YouTube पर सर्च अब Google या ChatGPT जैसा हो जाएगा.
यह फीचर अभी सिर्फ YouTube Premium यूजर्स के लिए उपलब्ध है, वो भी अमेरिका में और 18 साल से ऊपर के लोगों के लिए. हालांकि कंपनी इसे धीरे धीरे सभी यूजर्स के लिए लॉन्च करेगी.
कैसे काम करता है ‘Ask YouTube’?
इस फीचर में यूजर सर्च बॉक्स में सवाल पूछ सकता है. जैसे Apollo 11 मिशन क्या था या सबसे अच्छे फिटनेस वीडियो कौन से हैं. इसके बाद AI आपको सिर्फ वीडियो की लिस्ट नहीं दिखाता, बल्कि एक छोटा सा जवाब भी देता है, साथ में वीडियो सजेस्ट करता है.
यानी अब आपको खुद वीडियो खोलकर समझने की जरूरत नहीं पड़ेगी, AI पहले ही आपको एक समझ दे देगा. इसमें एक और खास बात है कि यह सिर्फ लंबे वीडियो ही नहीं, बल्कि Shorts और अलग-अलग कैटेगरी में वीडियो भी दिखाता है. इससे यूजर को जल्दी और सही कंटेंट मिल जाता है.
Google क्यों ला रहा है यह फीचर
Google पिछले कुछ समय से अपने हर प्रोडक्ट में AI जोड़ रहा है. Search, Gmail और अब YouTube भी इसी दिशा में जा रहा है. इसका मकसद साफ है, यूजर को ज्यादा आसान और स्मार्ट एक्सपीरियंस देना. अब सिर्फ सर्च नहीं, बल्कि बातचीत जैसा अनुभव देना Google का लक्ष्य है.
यूजर्स को क्या होगा इसका फायदा
इस नए फीचर से सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यूजर को जल्दी जवाब मिलेगा. अगर आप कुछ सीखना चाहते हैं या जानकारी ढूंढ रहे हैं, तो AI सीधे आपको समझा देगा और साथ में सही वीडियो भी दिखाएगा. इसके अलावा, आपको अलग-अलग वीडियो खोजने में समय भी कम लगेगा.
हालांकि AI फीचर जितना आसान लगता है, उतना ही इसमें जोखिम भी है. रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि कभी-कभी AI गलत जानकारी भी दे सकता है.
इसलिए यूजर्स को अभी भी जानकारी को चेक करना जरूरी होगा.
फिलहाल यह फीचर टेस्टिंग में है, लेकिन अगर यह सफल रहा तो जल्द ही इसे दुनिया भर में लॉन्च किया जा सकता है. कुल मिलाकर, YouTube अब सिर्फ वीडियो देखने का प्लेटफॉर्म नहीं रहेगा, बल्कि एक ऐसा प्लेटफॉर्म बन सकता है जहां आप सवाल पूछेंगे और AI आपको जवाब देगा.