स्मार्टवॉच पहने बिना अगर आप अपनी नींद, दिल की सेहत, तनाव और शरीर के आराम से जुड़े संकेतों पर नजर रखना चाहते हैं, तो स्मार्ट रिंग आपके काम आ सकती है. पॉपुलर स्मार्ट रिंग मेकर Oura ने अपनी नई स्मार्ट रिंग Oura Ring 5 भारत में लॉन्च कर दी है.
कंपनी का दावा है कि यह पिछली Oura Ring 4 के मुकाबले 40 फीसदी छोटी है और एक बार चार्ज करने पर 9 दिन तक चल सकती है.
Oura Ring 5 की प्री-ऑर्डर बुकिंग 22 अक्टूबर से Amazon और Croma के जरिए शुरू हो गई है. इसके ब्लैक और सिल्वर मॉडल की कीमत 39,900 रुपये है. वहीं, गोल्ड, डीप रोज, स्टेल्थ और ब्रश्ड सिल्वर कलर वाले मॉडल 50,900 रुपये में मिलेंगे. इसके अलावा, Oura ऐप की सब्सक्रिप्शन के लिए हर महीने 599 रुपये देने होंगे. यानी रिंग खरीदने के बाद भी इसके हेल्थ इनसाइट्स का पूरा एक्सपीरिएंस लेने के लिए अलग से खर्च करना होगा. बेसिक फीचर्स फ्री हैं.
पहले से छोटी हुई रिंग, बैटरी 9 दिन तक चलने का दावा
Oura Ring 5 की सबसे बड़ी खासियत इसका छोटा डिजाइन है. कंपनी के मुताबिक, इसे हल्के टाइटेनियम से बनाया गया है और इसका आकार पिछले जेनेरेशन के मुकाबले 40 फीसदी कम है. इसमें सेंसर को भी नए तरीके से डिजाइन किया गया है, ताकि रिंग उंगली पर ज्यादा आराम से फिट हो और स्किन के कॉन्टैक्ट में बेहतर रहे.
यह भी पढ़ें: Oura Ring 4 Review: स्मार्ट रिंग जो आपकी हेल्थ का रखती है ख्याल
कंपनी ने इसमें नए एलईडी सेंसर और 12 बेहतर सिग्नल पाथवे दिए हैं. इनका मकसद अलग-अलग उंगलियों और स्किन के कलर पर स्वास्थ्य से जुड़े संकेतों को ज्यादा भरोसेमंद तरीके से रिकॉर्ड करना है. रिंग नींद, ऐक्टिविटी, तनाव और रिकवरी से जुड़े डेटा को Oura ऐप में दिखाती है.
बैटरी को लेकर कंपनी का दावा है कि यह एक बार चार्ज करने पर 6 से 9 दिन तक चल सकती है. वास्तविक बैटरी लाइफ रिंग के आकार और इस्तेमाल पर निर्भर करेगी. इसे 6 से 13 तक के साइज में खरीदा जा सकेगा और कंपनी ने छह रंगों के विकल्प दिए हैं.
क्या Oura Ring 5 ब्लड प्रेशर भी मापती है?
इस रिंग के साथ मिलने वाले हेल्थ फीचर्स में सबसे ज्यादा ध्यान ब्लड प्रेशर से जुड़े संकेतों पर जाता है. लेकिन यहां एक जरूरी बात समझनी होगी. Oura Ring 5 ब्लड प्रेशर को सीधे मशीन की तरह मापकर mmHg में रीडिंग नहीं देती.
इसमें हेल्थ रेडार नाम का फीचर है, जो शरीर के अलग-अलग बायोमेट्रिक संकेतों में बदलाव और लंबे समय के पैटर्न को समझने में मदद करता है. इसका Blood Pressure Signals फीचर रात के 30 दिनों के डेटा का विश्लेषण करके ऐसे पैटर्न दिखा सकता है जो दिल पर पड़ने वाले दबाव से जुड़े हो सकते हैं. Nighttime BP फीचर भी रात के दौरान मिलने वाले संकेतों से ब्लड प्रेशर से जुड़े रुझानों को समझने में मदद करता है.
यह भी पढ़ें: Flipkart-Amazon के साथ सैमसंग ने भी शुरू की सेल, सस्ती मिल रही महंगी स्मर्टवॉच और स्मार्ट रिंग
यूजर चाहें तो अपनी ब्लड प्रेशर मशीन से ली गई रीडिंग Oura ऐप में दर्ज कर सकते हैं. इससे रिंग से मिलने वाले डेटा और वास्तविक माप को एक ही जगह देखा जा सकता है.
हालांकि, कंपनी साफ करती है कि ये वेलनेस फीचर हैं. ये ब्लड प्रेशर की मेडिकल रीडिंग नहीं देते और न ही किसी बीमारी का पता लगाने के लिए बनाए गए हैं. इसलिए अगर किसी को हाई ब्लड प्रेशर या दिल से जुड़ी समस्या की आशंका है, तो उसे डॉक्टर की सलाह और सही मेडिकल जांच पर ही भरोसा करना चाहिए.
रात में सांस लेने के पैटर्न पर भी रखेगी नजर
Oura Ring 5 में Nighttime Breathing फीचर भी है. यह एक रात के डेटा के बजाय 30 दिनों के दौरान नींद में सांस लेने से जुड़े पैटर्न और बदलावों को दिखाता है. इसका मकसद यूजर को यह समझने में मदद करना है कि उसके सोने के दौरान सांस लेने के तरीके में लगातार कोई बदलाव तो नहीं आ रहा.
अगर लंबे समय तक असामान्य बदलाव दिखाई देते हैं, तो यूजर डॉक्टर से सलाह लेने पर विचार कर सकता है. लेकिन इस फीचर को किसी बीमारी की पुष्टि करने वाला टूल नहीं समझना चाहिए.
यह भी पढ़ें: iPhone 18 Pro Max: बड़ा Upgrade या बस नया iPhone? देखें क्विक रिव्यू
रिंग में Cardio Effort फीचर भी है, जो वर्कआउट के दौरान दिल पर पड़ने वाले जोर को ट्रैक करता है और हफ्ते भर की ऐक्टिविटी की तुलना यूजर के अपने सामान्य स्तर से करता है. वहीं, Oura Labs में मिलने वाला ऑटोमैटिक VO2 Max फीचर GPS की मदद से वॉक, रन और हाइक के दौरान एरोबिक फिटनेस का अनुमान लगाता है.
दवा और महिलाओं की सेहत के लिए भी फीचर
Oura ऐप में GLP-1 Insights नाम का फीचर भी उपलब्ध है. इसका इस्तेमाल GLP-1 दवाएं लेने वाले यूजर अपनी दवा की खुराक, समय, साइड इफेक्ट और वजन में बदलाव दर्ज करने के लिए कर सकते हैं. ऐप इन जानकारियों को नींद, ऐक्टिविटी, रिकवरी और तनाव से जुड़े डेटा के साथ दिखाता है, ताकि समय के साथ बदलावों को समझना आसान हो.
महिलाओं के लिए मेनोपॉज इनसाइट्स फीचर भी है. इसमें पेरिमेनोपॉज के दौरान नींद, मूड, सोचने-समझने की क्षमता और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ने वाले असर को समझने में मदद करने वाला आकलन शामिल है.
कंपनी के मुताबिक, GLP-1 Insights भारत में अंग्रेजी भाषा वाले Oura ऐप पर Gen3 और उसके बाद के रिंग मॉडल इस्तेमाल करने वाले मेंबर्स के लिए भी उपलब्ध है.
खरीदने से पहले इन दो बातों का रखें ध्यान
Oura Ring 5 उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है जो बिना स्क्रीन वाली छोटी डिवाइस में नींद, ऐक्टिविटी और रिकवरी से जुड़े लंबे समय के पैटर्न देखना चाहते हैं. इसका छोटा साइज और कई दिन चलने वाली बैटरी भी इसे रोज पहनने के लिए सुविधाजनक बना सकती है.
लेकिन इसकी शुरुआती कीमत 39,900 रुपये है और सब्सक्रिप्शन के लिए हर महीने 599 रुपये अलग से देने होंगे. एक साल की सब्सक्रिप्शन का खर्च 7,188 रुपये बैठता है. ऐसे में रिंग की शुरुआती कीमत और एक साल की मेंबर्शिप मिलाकर कुल खर्च 47,088 रुपये हो जाता है. प्रीमियम कलर्स वाले मॉडल के लिए यही कुल खर्च 58,088 रुपये होगा.
मेडिकल डिवाइस नहीं है Oura Ring
दूसरी बात, यह मेडिकल डिवाइस नहीं है. इसके हेल्थ इनसाइट्स शरीर के संकेतों और समय के साथ होने वाले बदलावों को समझने में मदद करते हैं, लेकिन ये डॉक्टर की जांच या मेडिकल डिवाइसेज का विकल्प नहीं हैं.
कुल मिलाकर, Oura Ring 5 का सबसे बड़ा बदलाव इसका छोटा साइज, बेहतर सेंसर और हेल्थ डेटा को लंबे समय के पैटर्न में समझने पर जोर है.