scorecardresearch
 

17 साल में शुरू की गेमिंग, अब महीने में कमा लेते हैं 4 करोड़ से भी ज्यादा, जानिए Faker की कहानी

दुनिया में गेमिंग की बात होती है तो Faker का नाम सबसे ऊपर आता है. ये वो गेमर है जिसने कमाई के कई रिकॉर्ड तोड़े हैं और गेमिंग में नंबर-1 माना जाता है. आइए जानते हैं इस गेमर की कहानी.

Advertisement
X
Faker (Photo: T1 Faker)
Faker (Photo: T1 Faker)

घर में बच्चे घंटों वीडियो गेम खेलते हैं तो अक्सर पेरेंट्स परेशान हो जाते हैं. उन्हें लगता है कि गेम खेलने से समय बर्बाद हो रहा है. लेकिन साउथ कोरिया के एक लड़के ने वीडियो गेम को ही अपना करियर बना लिया. 17 साल की उम्र में प्रोफेशनल गेमिंग शुरू करने वाला यह लड़का आज दुनिया के सबसे मशहूर गेमर्स में शामिल है. टूर्नामेंट जीतकर करोड़ों रुपये कमाने के साथ-साथ वह साइंस, सैलरी और निवेश से भी पैसा बना रहा है.

इस गेमर का नाम है ली सांग-ह्योक (Lee Sang-hyeok), जिन्हें दुनिया Faker के नाम से जानती है. वह साउथ कोरिया की मशहूर ई-स्पोर्ट्स टीम T1 का हिस्सा हैं और League of Legends नाम का गेम खेलते हैं. Faker की अनुमानित नेटवर्थ करीब 1 करोड़ डॉलर यानी लगभग 88 करोड़ रुपये बताई जाती है. हालांकि, यह आधिकारिक आंकड़ा नहीं है. उनकी वास्तविक संपत्ति और कमाई सार्वजनिक नहीं की गई है.

Faker की कहानी इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि उनकी कमाई सिर्फ गेम जीतने से नहीं आती. उन्होंने गेमिंग में मिली पॉपुलैरिटी को एक बड़े कारोबार में बदल दिया है. टीम से सैलरी, टूर्नामेंट की इनामी रकम, ब्रांड डील, सोशल मीडिया और रियल एस्टेट निवेश उनकी कमाई के अलग-अलग रास्ते हैं.

Faker की नेटवर्थ कितनी है?

Esports Insider की रिपोर्ट के मुताबिक Faker की नेटवर्थ करीब 10 मिलियन डॉलर यानी लगभग 88 करोड़ रुपये आंकी गई है. कुछ दूसरी वेबसाइटें उनकी संपत्ति 25 मिलियन डॉलर तक बताती हैं. लेकिन इन आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं है. Faker ने खुद अपनी कुल संपत्ति का खुलासा नहीं किया है.

Advertisement

हर साल कितनी सैलरी मिलती है?

Faker की कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा उनकी प्रोफेशनल टीम T1 से मिलने वाली सैलरी माना जाता है. दक्षिण कोरियाई और मीडिया रिपोर्ट्स में उनकी सालाना सैलरी को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं.

कुछ रिपोर्ट्स में उनकी सालाना सैलरी करीब 50 लाख से 60 लाख डॉलर बताई गई है. भारतीय रुपये में यह लगभग 44 से 53 करोड़ रुपये सालाना बैठती है. वहीं, The Korea Herald की रिपोर्ट में उनकी सालाना कमाई करीब 50 अरब दक्षिण कोरियाई वॉन बताई गई है. यह इससे काफी ज्यादा रकम है.

Faker महीने में कितने रुपये कमाते हैं?

अगर 50 से 60 लाख डॉलर सालाना सैलरी वाले अनुमान को आधार मानें, तो Faker की औसत मासिक कमाई करीब 3.7 से 4.4 करोड़ रुपये हो सकती है. 

इसके अलावा विज्ञापन, यूट्यूब, निवेश और प्राइज मनी से होने वाली आय इस अनुमान से अलग है.

17 साल की उम्र में शुरू किया था करियर, पहली कमाई कितनी थी?

Faker का जन्म 7 मई 1996 को दक्षिण कोरिया में हुआ था. बचपन में उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी. The Korea Herald की रिपोर्ट के मुताबिक उनका परिवार सरकारी आर्थिक सहायता पाने वाले परिवारों में शामिल था. पिता ने घर में कंप्यूटर खरीदा, जिसके बाद Faker की ऑनलाइन गेमिंग में दिलचस्पी बढ़ी.

Advertisement

वह League of Legends खेलने लगे और जल्द ही अपनी प्रतिभा के कारण पहचाने जाने लगे. 2013 में, जब वह सिर्फ 17 साल के थे, तब उन्हें SK Telecom T1 ने अपनी टीम में शामिल किया. इसी साल उन्होंने प्रोफेशनल डेब्यू किया और अपनी पहली ही वर्ल्ड चैंपियनशिप जीत ली.

उनकी शुरुआत का सबसे बड़ा फायदा यह रहा कि उन्होंने एक ही टीम के साथ लंबा करियर बनाया. 2013 से वह T1 के साथ जुड़े हुए हैं. जुलाई 2025 में उन्होंने टीम के साथ चार साल का नया कॉन्ट्रैक्ट किया, जो उन्हें 2029 तक टीम में रखेगा.

टूर्नामेंट जीतकर अब तक कितने करोड़ रुपये कमाए?

Faker की कमाई का एक हिस्सा गेमिंग टूर्नामेंट से आता है. Guinness World Records के मुताबिक 7 जुलाई 2026 तक उन्होंने League of Legends प्रतियोगिताओं से 19.22 लाख डॉलर से ज्यादा की प्राइज मनी जीती थी. भारतीय रुपये में यह करीब 17 करोड़ रुपये से ज्यादा है.

Faker ने 2013, 2015, 2016, 2023, 2024 और 2025 में League of Legends World Championship जीती. छह बार विश्व चैंपियन बनना उन्हें इस गेम के इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल करता है.

ब्रांड डील से भी होती है करोड़ों की कमाई

Faker की लोकप्रियता सिर्फ गेम खेलने वालों तक सीमित नहीं है. दुनिया भर में उनके प्रशंसक हैं. यही वजह है कि बड़ी कंपनियां उन्हें अपने ब्रांड से जोड़ना चाहती हैं.

Advertisement

उनका नाम Razer, Nike और Red Bull जैसे ब्रांड्स के साथ जुड़ चुका है. गेमिंग एक्सेसरीज बनाने वाली कंपनियां उनके नाम और लोकप्रियता का इस्तेमाल अपने प्रोडक्ट को प्रमोट करने के लिए करती हैं.

ऐसे ब्रांड करार में खिलाड़ी को पैसे के अलावा खास प्रोडक्ट, प्रमोशनल फीस और दूसरे फायदे भी मिल सकते हैं. हालांकि, Faker को हर ब्रांड से कितनी रकम मिलती है, इसका सार्वजनिक खुलासा नहीं हुआ है.

YouTube और लाइव स्ट्रीमिंग से भी पैसा

Faker की कमाई का एक और जरिया डिजिटल प्लेटफॉर्म हैं. उनका YouTube चैनल है, जहां उनके गेमप्ले, वीडियो और दूसरे कंटेंट देखे जाते हैं. चैनल पर लाखों सब्सक्राइबर हैं और वीडियो पर बड़ी संख्या में व्यूज आते हैं.

YouTube से कमाई विज्ञापनों, स्पॉन्सरशिप और दूसरे पार्टनर्शिप्स के जरिए हो सकती है. लाइव स्ट्रीमिंग में दर्शकों से मिलने वाले डोनेशन और पेड फीचर भी कमाई का जरिया बन सकते हैं.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement