एक नया स्कैम सामने आया है, जिसमें 1200 लोगों को शिकार बनाया गया है. मामला ऑनलाइन फुटबॉल बेटिंग (सट्टेबाजी) से जुड़ा हुआ है. रिपोर्ट्स की मानें तो एक चीनी शख्स ने गुजरात और उत्तर प्रदेश के 1200 लोगों से इस ऐप के जरिए ठगी की है. ये स्कैम एक-दो करोड़ का नहीं बल्कि 1400 करोड़ रुपये का है.
चीनी शख्स का नाम Woo Uyanbe (वू उयानबे) बताया जा रहा है, जिसने गुजरात में कुछ लोकल लोगों के साथ मिलकर सट्टेबाजी के लिए Dani Data ऐप को लॉन्च किया. ये ऐप यूजर्स को सट्टेबाजी में ज्यादा रिटर्न का लालच देता था. Dani Data ऐप सिर्फ 9 दिनों के लिए ऑनलाइन रहा, लेकिन इसने इस दौरान लोगों से रोजाना 200 करोड़ रुपये लूटे हैं.
रिपोर्ट की मानें तो स्कैम का मास्टरमाइंड वू उयानबे चीन के शेन्ज़ेन शहर का रहने वाला है. इस स्कैम को वो पाटन और बनासकांठा से कुछ लोकल लोगों की मदद से अंजाम दे रहा था. वू उयानबे भारत में साल 2020 से 2022 के बीच था.
गुजरात पुलिस ने इस मामले को सुलझाने के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया था. SIT ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि ये मामला पहली बार जून 2022 में सामने आया था. इसका इस्तेमाल गुजरात और यूपी दोनों जगहों पर लोग कर रहे थे.
आगरा पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की थी, जिसे बाद में CID ने आगे बढ़ाया था. इस स्कीम में गुजरात के बहुत से लोग फंसे हुए थे. पुलिस ने बताया कि आरोपी चीनी नागरिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस ऐप को मई 2022 में लॉन्च किया था.
ये ऐप लोगों को सट्टेबाजी के लिए इनवाइट करता था और मोटा मुनाफा कमाने का लालच देता था. इस ऐप के ऑनलाइन रहने के दौरान स्कैमर हर दिन 200 करोड़ रुपये यूजर्स के लूट रहा था. ये लोग फुटबॉल में सट्टा लगा रहे थे.
9 दिनों के बाद ऐप ने अचानक से काम करना बंद कर दिया. जांच शुरू होने के बाद CID ने इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया है. इन लोगों ने बताया है कि आरोपी Woo Uyanbe हवाला के जरिए पैसे ट्रांसफर करता था.
इसके लिए उसने कई शेल कंपनियां भी बनाई थी. हालांकि, जब तक पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज की, तब तक मुख्य आरोपी Woo Uyanbe चीन वापस जा चुका था.
इंटरनेट की दुनिया में लगातार कई तरह के स्कैम सामने आते रहते हैं. ऐसे में यूजर्स को इंटरनेट यूज करते हुए सावधान रहना चाहिए. इसमें लोन और बेटिंग वाले ऐप्स को लेकर खास सावधानी रखनी चाहिए. इस तरह के ऐप कई लोगों को मुश्किल में डाल चुके हैं.